संचार नाउ। उत्तर प्रदेश को वैश्विक औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित करने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए सिंगापुर मुख्यालय वाली कंपनी Universal Success Enterprises Singapore (USEL) की सहायक इकाई GNIPL को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) से 50 एकड़ भूमि के आवंटन के लिए लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) प्रदान किया गया है। यमुना क्षेत्र में प्रस्तावित यह इंटीग्रेटेड पैकेजिंग हब उत्तर भारत में औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और निर्यात आधारित अर्थव्यवस्था को नई गति देने वाला साबित होगा।
यह LOI यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेन्द्र कुमार भाटिया तथा निवेशक कंपनी के निदेशक प्रशांत मुखर्जी भी उपस्थित रहे। प्रस्तावित भूमि YEIDA मास्टर प्लान 2041 के अंतर्गत सेक्टर-8D में स्थित है।
GNIPL इस भूमि पर अत्याधुनिक, बहु-परियोजना आधारित इंटीग्रेटेड पैकेजिंग कैंपस विकसित करेगी, जिसे यूनिवर्सल पैकेजिंग हब नाम दिया जाएगा। यह हब एफएमसीजी, फार्मास्यूटिकल्स, ई-कॉमर्स और औद्योगिक क्षेत्रों की तेजी से बढ़ती घरेलू एवं निर्यात आवश्यकताओं को पूरा करेगा। आधुनिक तकनीक, उच्च गुणवत्ता मानक और बड़े पैमाने पर उत्पादन क्षमता के साथ यह परियोजना पैकेजिंग सेक्टर में नई मिसाल स्थापित करने की दिशा में अग्रसर होगी।
प्रस्तावित परियोजना में लगभग ₹750 करोड़ का निवेश किया जाएगा। इसके पूर्ण रूप से क्रियान्वित होने पर प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से 6,000 से अधिक लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। इससे न केवल स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों, सप्लाई चेन और सहायक उद्योगों को भी उल्लेखनीय प्रोत्साहन मिलेगा।
यह इंटीग्रेटेड पैकेजिंग हब आगामी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के निकट स्थित होगा, जिससे इसे मजबूत मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी, विकसित हो रहे लॉजिस्टिक्स नेटवर्क और वैश्विक बाजारों तक सुगम पहुंच का लाभ मिलेगा। एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे और औद्योगिक क्लस्टर्स की निकटता इस परियोजना को रणनीतिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण बनाती है।
यह परियोजना YEIDA के विश्वस्तरीय औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने के विजन के अनुरूप है और उत्तर प्रदेश में वैश्विक निवेश आकर्षित करने की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है।
कंपनी परिचय:
GNIPL, सिंगापुर आधारित बहुराष्ट्रीय कंपनी Universal Success Enterprises Singapore (USEL) की सहायक इकाई है। USEL इंडस्ट्रियल एवं लॉजिस्टिक्स पार्क, डेटा सेंटर, मेगा टाउनशिप विकास, ऊर्जा संसाधन और हॉस्पिटैलिटी जैसे विविध क्षेत्रों में वैश्विक स्तर पर सक्रिय है।
