संचार नाउ। सेक्टर बीटा, गामा और जीटा में स्थित पार्क अब 38 नई एलईडी हाईमास्ट लाइटों से जगमगा उठे हैं। इन हाईमास्ट लाइटों के लगने से पार्कों में पर्याप्त रोशनी पहुंच रही है, जिससे शाम और रात में सुरक्षा और सुविधा दोनों बढ़ीं हैं।
सोमवार को सेक्टर जीटा-2 में आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में दादरी विधायक तेजपाल नागर ने नई लाइटें सेक्टरवासियों को समर्पित की। विधायक ने इस मौके पर प्राधिकरण के काम की सराहना करते हुए कहा कि सेक्टरवासियों की सभी समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि अन्य सेक्टरों के पार्कों में भी जल्द ही एलईडी हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। लोकार्पण कार्यक्रम में प्राधिकरण के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ सौरभ भारद्वाज और प्रबंधक वी.वी. राय सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
इस परियोजना से न केवल पार्कों की सुरक्षा बढ़ी है, बल्कि शाम के समय बच्चों और युवाओं के लिए खेल और व्यायाम करने का माहौल भी बेहतर हुआ है।
