ग्रेटर नोएडा में छठे ईवी इंडिया एक्सपो-2026 का आगाज, पहले दिन हुए कारोबारी समझौते

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में मंगलवार को छठे ईवी इंडिया एक्सपो-2026 का शानदार आगाज हुआ। इंडियन एग्जिबिशन सर्विसेज और ग्रीन सोसाइटी ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित यह तीन दिवसीय प्रदर्शनी 3 सितंबर तक चलेगी। एक्सपो में इलेक्ट्रिक वाहन, बैटरी, चार्जिंग उपकरण, ईवी पार्ट्स और अत्याधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया जा रहा है।

दरअसल, एक्सपो का उद्घाटन इंडियन एग्जिबिशन सर्विसेज के सीईओ डॉ. स्वदेश कुमार, डॉ. राजीव मिश्रा और डॉ. शैलेंद्र सेहरोज ने उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त रूप से किया। इस दौरान सनडक सोलर सॉल्यूशंस के निदेशक सोम प्रकाश मिड्ढा, लॉर्ड्स मार्क टेक नेक्स्ट के निदेशक रमेश कुमार मिगलानी, फ्यूचर टेक राइड्स (डैकस) के निदेशक हर्षित गर्ग, ई गरुड़ा इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के निदेशक मनीष तनेजा और मैक्सिम ई व्हीकल्स के निदेशक अतुल चाचन सहित कई प्रमुख कारोबारी मौजूद रहे।

आयोजकों के मुताबिक, तीन दिनों में देश-विदेश से 10 हजार से अधिक आगंतुकों के पहुंचने की उम्मीद है। पहले दिन विभिन्न कंपनियों के बीच व्यापार विस्तार और आपसी सहयोग को लेकर समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इसके साथ ही कारोबारियों के बीच नई साझेदारियों और व्यापारिक संभावनाओं को लेकर बैठकें भी हुईं।

एक्सपो के तहत “इलेक्ट्रिक व्हीकल—द फ्यूचर ऑफ ट्रांसपोर्ट” विषय पर राष्ट्रीय सेमिनार आयोजित किया गया। फेडरेशन ऑफ इलेक्ट्रिक व्हीकल एसोसिएशन (i-FEVA) के सह-आयोजन में हुए सम्मेलन में ईवी के बढ़ते इस्तेमाल, उद्योग की चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर विशेषज्ञों ने चर्चा की। इस दौरान ईवी इंडिया एक्सपो-2026 की आधिकारिक डायरेक्टरी का भी विमोचन किया गया, जिसमें प्रदर्शक कंपनियों, उनके उत्पादों और सेवाओं की जानकारी शामिल है।

पढ़ें  ग्रेनो प्राधिकरण ने 40 औद्योगिक भूखंडों योजना की लांच

आयोजकों ने कहा कि एक्सपो इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग से जुड़े कारोबारियों, कंपनियों और तकनीकी विशेषज्ञों को एक साझा मंच उपलब्ध करा रहा है, जिससे नए व्यापारिक अवसर और साझेदारियां विकसित होने की उम्मीद है। व्यावसायिक आगंतुकों के लिए प्रवेश निःशुल्क है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment