संचार नाउ। नॉलेज पार्क-3 स्थित सीजीएसटी गौतमबुद्धनगर आयुक्त कार्यालय परिसर में सोमवार को जीएसटी संवाद 2026 का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जीएसटी पखवाड़ा 2026 के तहत करदाता संवाद कार्यक्रम के रूप में आयोजित हुआ, जिसमें जीएसटी व्यवस्था के नौ वर्षों की उपलब्धियों, चुनौतियों और भविष्य की दिशा पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सीजीएसटी गौतमबुद्धनगर के आयुक्त डॉ. यशोवर्धन पाठक (IRS) ने की। उन्होंने विभाग और व्यापार समुदाय के बीच बेहतर समन्वय, पारदर्शिता और करदाताओं के लिए सरल एवं प्रभावी जीएसटी प्रणाली विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि करदाताओं के सुझाव और सहभागिता से व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में आईईए के अध्यक्ष संजीव शर्मा और डीएस ग्रुप के अप्रत्यक्ष कर प्रमुख रवि गुप्ता सहित व्यापार संगठनों, कर विशेषज्ञों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने जीएसटी से जुड़े विभिन्न व्यावहारिक मुद्दों, अनुभवों और सुधार संबंधी सुझावों पर अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर अपर आयुक्त अर्जुन लाल जाट, अपर आयुक्त दर्पण आम्रवंशी, अधीक्षक विश्वेन्द्र सिंह और निरीक्षक समीर सिंह चौहान सहित विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य करदाताओं और विभाग के बीच संवाद को मजबूत करना, जीएसटी प्रणाली को अधिक पारदर्शी और सुगम बनाना तथा उद्योग जगत के सुझावों के आधार पर भविष्य की कार्ययोजना तैयार करना रहा। इससे करदाताओं और विभाग के बीच विश्वास बढ़ाने के साथ-साथ कर व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में सकारात्मक पहल मानी जा रही है।
