संचार नाउ। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) की 91वीं बोर्ड बैठक में औद्योगिक विकास, स्वास्थ्य, निवेश और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक की अध्यक्षता प्राधिकरण के अध्यक्ष आलोक कुमार ने की, जबकि मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के एजेंडा बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के दक्षिणी हिस्से की ओर एक नए इंडस्ट्रियल नोड विकसित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई। प्राधिकरण का मानना है कि इससे एयरपोर्ट के आसपास औद्योगिक निवेश को नई गति मिलेगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इसके साथ ही Yiwu International Trade City की तर्ज पर YEIDA इंटरनेशनल ट्रेड सिटी विकसित करने के प्रस्ताव का भी बोर्ड ने अवलोकन किया, जिससे क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक पहचान मिलने की संभावना है।
स्वास्थ्य क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) को सेक्टर-9 में 30 एकड़ भूमि आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। यहां अत्याधुनिक अनुसंधान एवं चिकित्सा सुविधाओं का विकास किया जाएगा, जिससे चिकित्सा अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिलेगी।
बोर्ड बैठक में गांवों में भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों पर भी चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि किसानों की भूमि खरीद के तुरंत बाद 7 प्रतिशत आबादी भूखंड का आरक्षण पत्र जारी किया जाएगा, ताकि किसानों को लंबा इंतजार न करना पड़े।
इसके अलावा प्राधिकरण की भविष्य की वाणिज्यिक होटल योजनाओं में नोएडा प्राधिकरण की सकारात्मक नीतियों और शर्तों को शामिल करने के प्रस्ताव पर भी सहमति दी गई। बोर्ड ने सेक्टर-8 और सेक्टर-31 सहित विभिन्न क्षेत्रों के मास्टर प्लान संशोधन से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी प्रदान की।
यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि इन निर्णयों से यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में औद्योगिक निवेश, व्यापार, चिकित्सा अनुसंधान और शहरी विकास को नई गति मिलेगी तथा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास का क्षेत्र एक वैश्विक आर्थिक केंद्र के रूप में विकसित होगा।
