ईकोटेक-3 हुआ जगमग, 3.31 करोड़ की हाईमास्ट और एलईडी स्ट्रीट लाइट परियोजना का शुभारंभ

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने औद्योगिक सेक्टर ईकोटेक-3 को अत्याधुनिक प्रकाश व्यवस्था से रोशन कर दिया है। उद्यमियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए प्राधिकरण ने यहां 21 हाईमास्ट लाइट और 450 एलईडी स्ट्रीट लाइट स्थापित की हैं। शुक्रवार को दादरी विधायक तेजपाल नागर ने प्राधिकरण के ओएसडी अभिषेक पाठक, वरिष्ठ प्रबंधक अजित भाई पटेल तथा इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए) के पदाधिकारियों की मौजूदगी में इस परियोजना का शुभारंभ किया।

दरअसल, करीब 3.31 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार की मंजूरी के बाद प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया गया। नई प्रकाश व्यवस्था से न केवल औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा मजबूत होगी, बल्कि उद्योगों के संचालन और निवेश को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

परियोजना के तहत 16 मीटर ऊंचाई के 5 हाईमास्ट और 25 मीटर ऊंचाई के 16 हाईमास्ट लगाए गए हैं। इसके साथ ही पूरे औद्योगिक क्षेत्र में 450 आधुनिक एलईडी स्ट्रीट लाइटें स्थापित की गई हैं, जिससे रात के समय बेहतर रोशनी उपलब्ध होगी और दुर्घटनाओं व आपराधिक गतिविधियों पर भी प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर विधायक तेजपाल नागर ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की पहल की सराहना करते हुए कहा कि सीईओ एनजी रवि कुमार के नेतृत्व में क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर औद्योगिक आधारभूत सुविधाएं ग्रेटर नोएडा को निवेश का प्रमुख केंद्र बनाएंगी और विकसित भारत के लक्ष्य तथा उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

पढ़ें  ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के परियोजना विभाग के कर्मचारी ने दिया इस्तीफा, उत्पीड़न का लगाया आरोप

कार्यक्रम में आईबीए के अध्यक्ष अमित उपाध्याय, महासचिव सुनील दत्त शर्मा, उपाध्यक्ष एस.के. शर्मा, सुधीर त्यागी, अजय राणा, नरेश चौहान, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल सहित आईबीए के अनेक पदाधिकारी, उद्यमी एवं प्राधिकरण के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment