ग्रेटर नोएडा में कुत्ते के शव पर तिरंगा लपेटने का वीडियो वायरल, राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के सवाल पर जांच की मांग

Sanchar Now
2 Min Read

ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र में एक पालतू कुत्ते के शव को तिरंगे में लपेटकर अंतिम संस्कार किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

घटना बिलासपुर कस्बे की बताई जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को लेकर नाराजगी है और उन्होंने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

वायरल वीडियो में एक व्यक्ति अपने मृत पालतू कुत्ते का अंतिम संस्कार करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में कुत्ते के शव को तिरंगे जैसे दिखने वाले कपड़े में लपेटा गया है और बाद में उसे दफनाया गया। अंतिम संस्कार का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने के बाद यह तेजी से फैल गया।

लोगों ने उठाए राष्ट्रीय ध्वज के उपयोग पर सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज के उपयोग से जुड़े नियमों पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि तिरंगे का इस्तेमाल केवल निर्धारित प्रोटोकॉल और सम्मानजनक परिस्थितियों में ही किया जाना चाहिए। लोगों ने पुलिस और प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

कानूनी विशेषज्ञों की राय

सीनियर एडवोकेट परविंदर भाटी के अनुसार, यदि वीडियो में इस्तेमाल किया गया कपड़ा वास्तविक भारतीय राष्ट्रीय ध्वज है और उसे शव पर चादर की तरह लपेटकर दफनाया गया है, तो यह राष्ट्रीय ध्वज के उपयोग से जुड़े नियमों का गंभीर उल्लंघन माना जा सकता है।

उन्होंने कहा कि भारत में तिरंगे का उपयोग केवल राजकीय, सैन्य या केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के आधिकारिक सम्मान वाले अंतिम संस्कारों में किया जा सकता है। किसी निजी या सामान्य अंतिम संस्कार, विशेषकर किसी पशु के शव पर तिरंगा लपेटना राष्ट्रीय ध्वज का अपमान माना जा सकता है, जिसके लिए कानूनी कार्रवाई और दंड का प्रावधान है।

पढ़ें  मैदान में चमक, पढ़ाई में दम: फुटबॉल खिलाड़ी समर नागर ने 10वीं में हासिल किए 75% अंक

फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में आधिकारिक कार्रवाई की पुष्टि नहीं की गई है। प्रशासन वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई गई परिस्थितियों की जांच कर सकता है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment