‘तारीख पर तारीख’ बंद करें… लापरवाही बर्दाश्त नहीं, CM योगी का अफसरों को अल्टीमेटम

Sanchar Now
4 Min Read

लखनऊ: सीएम योगी आदित्यनाथ ने राजस्व न्यायालयों में वर्षों से लंबित मामलों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए साफ कहा कि अब प्रदेश में ‘तारीख पर तारीख’ की प्रवृत्ति किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नायब तहसीलदार कोर्ट से लेकर राजस्व परिषद तक पांच वर्ष से अधिक पुराने सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करवाने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही मथुरा-वृंदावन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए विशेष क्राउड कंट्रोल प्लान तैयार करने को कहा।

सीएम योगी ने की समीक्षा बैठक

सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार देर शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में जन शिकायतों, कानून-व्यवस्था, राजस्व मामलों, त्योहारों की तैयारियों और बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की जमीन, संपत्ति और अधिकारों से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जा सकती। धारा-33 के अविवादित वरासत मामलों का मिशन मोड में निपटारा करवाया जाए।

IGRS के गलत निस्तारण पर स्पष्टीकरण

सीएम ने आईजीआरएस और जनता दर्शन की शिकायतों के गलत निस्तारण पर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई नहीं बल्कि वास्तविक समाधान के आधार पर हो। जिन मामलों में गलत आख्या देकर प्रकरण बंद किए गए हैं या शिकायतकर्ता असंतुष्ट है, उन्हें दोबारा जांच के लिए भेजा जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित डीएम या एसपी से पांच दिन में स्पष्टीकरण लिया जाएगा।

एससी-एसटी के खिलाफ अपराधों में कमी

बैठक में अपराधों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 13 जुलाई से 23 अगस्त के बीच कुल एफआईआर में 0.4 प्रतिशत, गंभीर अपराधों में 5.1 प्रतिशत, महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में 3.9 प्रतिशत तथा एससी-एसटी के विरुद्ध अपराधों में 11.2 प्रतिशत की कमी दर्ज हुई है। सीएम ने महिला और बाल अपराधों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश देते हुए जोन और रेंज स्तर पर हर सप्ताह क्राइम एनालिसिस करवाने को कहा।

पढ़ें  न धर्म बदला, न शादी की… 6 महीने बाद घर लौटी युवती, कहा- सौतेली मां ने फंसा दिया था

वृंदावन में नया पुलिस सर्किल

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, विश्वकर्मा पूजा और गणेश चतुर्थी को देखते हुए सीएम ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने मथुरा-वृंदावन में व्यापक क्राउड कंट्रोल प्लान बनाने, बांके बिहारी मंदिर के लिए अलग कार्ययोजना तैयार करने और जरूरत पड़ने पर होल्डिंग एरिया विकसित करने के निर्देश दिए। वृंदावन में नया पुलिस सर्किल स्थापित करने तथा मथुरा और वृंदावन में अलग-अलग जॉइंट मैजिस्ट्रेट तैनात करने का भी निर्देश दिया।

उफनाती नदियों को लेकर विशेष सतर्कता के निर्देश

सीएम ने गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हाईटेशन तारों और उफनती नदियों से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने, सवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा शरारती तत्वों पर नजर रखने को कहा। उन्होंने माफियाओ के खिलाफ अभियान जारी रखने, गो-तस्करी, धर्मांतरण, धार्मिक स्थलों से जुड़ी घटनाओं तथा प्रतिमाओं से छेड़छाड़ के मामलों में पुलिस-प्रशासन को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए। साथ ही बाढ़ प्रभावित जिलो में राहत कार्यों के लिए भी जरूरी कदम उठाने को कहा।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment