संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा में विदेशी निवेश आकर्षित करने की दिशा में एक और सकारात्मक पहल सामने आई है। रूस की तीन कंपनियों के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा पहुंचकर यहां औद्योगिक निवेश की संभावनाओं का जायजा लिया। प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बोर्ड रूम में एसीईओ प्रेरणा सिंह, सुमित यादव और नुपुर गोयल से मुलाकात की। इस दौरान रूसी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने शहर के औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश संबंधी नीतियों और उपलब्ध लैंड बैंक के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
दरअसल, बैठक में एसीईओ प्रेरणा सिंह ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से ग्रेटर नोएडा और आईआईटीजीएनएल की औद्योगिक सुविधाओं और निवेश की संभावनाओं से प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया। अधिकारियों ने बताया कि ग्रेटर नोएडा में उद्योग स्थापित करने के लिए बेहतर बुनियादी ढांचा और आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं। बैठक के दौरान रूसी प्रतिनिधिमंडल ने यहां निवेश करने में रुचि दिखाई।
प्लग एंड प्ले सुविधाओं से आसान होगा उद्योग स्थापित करना
एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप देश की सबसे स्मार्ट औद्योगिक टाउनशिप में शामिल है। इसे प्लग एंड प्ले सिस्टम के आधार पर विकसित किया गया है। यहां उद्योग संचालन के लिए जरूरी बुनियादी सुविधाएं पहले से उपलब्ध हैं। निवेशकों को भूखंड आवंटित होने के बाद कम समय में अपना उद्योग स्थापित करने का अवसर मिलेगा।
बेहतर कनेक्टिविटी भी निवेशकों के लिए आकर्षण
अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि राष्ट्रीय राजधानी के नजदीक होने के साथ ही ग्रेटर नोएडा सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के मामले में बेहतर स्थिति में है। विकसित औद्योगिक ढांचा और निवेश के अनुकूल सुविधाएं यहां कारोबार शुरू करने के इच्छुक विदेशी उद्यमियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती हैं।
इंजीनियरिंग और मेडिकल उपकरण क्षेत्र की कंपनियां शामिल
रूस से आए प्रतिनिधिमंडल में इंजीनियरिंग एवं कंस्ट्रक्शन टेक्नोलॉजी, मेडिकल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरिंग और टेक्निकल पॉलिमर निर्माण क्षेत्र से जुड़ी कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल रहे। इनमें एक्सीलरेशन इंजीनियरिंग के सीईओ, टेक पॉलीमर ग्रुप की डायरेक्टर इरीना, सीईओ अमरदीप सिंह और डायरेक्टर योगदत त्यागी शामिल थे। रूसी कंपनियों की इस पहल को ग्रेटर नोएडा में अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक निवेश की संभावनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
