यमुना प्राधिकरण का मास्टर प्लान 2041 तैयार करने की दिशा में बड़ा कदम, आगरा अर्बन सेंटर को मंजूरी; गांवों की सड़क से लेकर सोलर प्लांट तक कई फैसले

Sanchar Now
4 Min Read

संचार नाउ। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की 94वीं बोर्ड बैठक 26 नवंबर 2026 को आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त तथा यीडा के अध्यक्ष आलोक कुमार ने की। मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बैठक में विभिन्न विकास परियोजनाओं, आधारभूत सुविधाओं, पर्यावरण संरक्षण और नियोजन से जुड़े प्रस्ताव प्रस्तुत किए। बोर्ड ने इन प्रस्तावों पर चर्चा के बाद कई अहम निर्णयों को मंजूरी दी, जिनका असर यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के साथ आगरा अर्बन सेंटर के विकास पर भी पड़ेगा।

दरअसल, बैठक में प्राधिकरण के सर्विस मास्टर प्लान-2041 का प्रस्तुतीकरण किया गया। इसमें जलापूर्ति मास्टर प्लान और सीवरेज मास्टर प्लान को शामिल किया गया है। इसके अलावा आगरा अर्बन सेंटर की महायोजना-2041 की ड्राफ्ट रिपोर्ट और भू-उपयोग मानचित्र को भी बोर्ड ने मंजूरी दे दी। अब इस प्रस्ताव को उत्तर प्रदेश शासन की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा।

गांव से टप्पल तक क्षतिग्रस्त सड़क की होगी मरम्मत

ग्रामीण कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए ग्राम जिकरपुर से टप्पल कट तक यमुना एक्सप्रेसवे के साथ कंसैशनायर द्वारा पूर्व में बनाई गई क्षतिग्रस्त हॉल रोड की मरम्मत कराने का निर्णय लिया गया है। इस परियोजना पर लगभग 665.64 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। यह मार्ग जिकरपुर को सीधे अलीगढ़-पलवल राजमार्ग से जोड़ता है। इसके मरम्मत होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

पढ़ें  नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को मिला सिक्योरिटी क्लीयरेंस, जल्द शुरू हो सकता है फ्लाइट संचालन

कचरा प्रबंधन के लिए नए उपविधियों को मंजूरी

यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में विभिन्न प्रकार के कचरे के प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर ड्राफ्ट गजट नोटिफिकेशन YEIDA Waste Management (Regulation & Control) Bye Laws, 2026 को मंजूरी दी गई है। इसके तहत एनजीटी के आदेशों और डीजीसीए तथा एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के विमान सुरक्षा संबंधी नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।

सरकारी संस्थानों की छतों पर लगेंगे सोलर प्लांट

ऊर्जा की बचत और पर्यावरण सुधार के उद्देश्य से प्राधिकरण क्षेत्र में स्थापित संस्थानों की छतों पर RESCO मॉडल के तहत रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। यह कार्य उत्तर प्रदेश सरकार की संस्था नेडा (NEDA) द्वारा अनुमोदित संस्थाओं अथवा चयनित एजेंसियों के माध्यम से कराया जाएगा। इसके लिए स्वीकृत पावर परचेज एग्रीमेंट के आधार पर प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

मॉडल भवन विनियम 2026 को अपनाया

बोर्ड ने उत्तर प्रदेश शासन के 12 अक्टूबर 2026 के शासनादेश के तहत जारी मॉडल भवन विनियम-2026 को भी अंगीकृत कर लिया है। इससे प्राधिकरण क्षेत्र में भवन निर्माण से संबंधित नियमों और प्रक्रियाओं को नए प्रावधानों के अनुरूप लागू किया जा सकेगा।

किसानों के आबादी भूखंड आवंटन की प्रगति भी रखी गई

बैठक में किसानों को सात प्रतिशत आबादी भूखंड देने की प्रगति भी प्रस्तुत की गई। अब तक 14,281 किसानों के लिए प्रकाशन, 11,229 आरक्षण पत्र जारी करने और 5,147 भूखंड विभिन्न सेक्टरों में नियोजित करने की जानकारी दी गई। इसके अलावा 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त प्रतिकर के तहत लगभग 3,183.13 करोड़ रुपये किसानों को दिए जा चुके हैं। बोर्ड बैठक के इन फैसलों से यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास, पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत और नियोजित शहरी विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

पढ़ें  रक्षाबंधन पर किसानों को ग्रेनो प्राधिकरण का बड़ा तोहफा, 4125 से बढ़कर 6415 रुपये प्रति वर्गमीटर हुआ मुआवजा
Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment