स्वीडन की कंपनी ग्रेटर नोएडा में लगाएगी उद्योग! 150 करोड़ निवेश और 500 युवाओं को रोजगार देने की तैयारी

Sanchar Now
3 Min Read

संचार नाउ। औद्योगिक निवेश के लिए ग्रेटर नोएडा की ओर विदेशी कंपनियों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। इसी कड़ी में स्वीडन की कंपनी केबी कंपोनेंट इंडिया ने ग्रेटर नोएडा में उद्योग स्थापित करने की इच्छा जताई है। कंपनी की योजना करीब 150 करोड़ रुपये का निवेश करने और 500 युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की है। इसके लिए कंपनी को लगभग 20 हजार वर्ग मीटर जमीन की आवश्यकता है।

दरअसल, बुधवार को कंपनी का प्रतिनिधिमंडल ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पहुंचा और बोर्ड रूम में एसीईओ प्रेरणा सिंह, एसीईओ सुमित यादव और एसीईओ नुपुर गोयल के साथ बैठक की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश संबंधी नीतियों और उपलब्ध लैंड बैंक की जानकारी ली। प्राधिकरण अधिकारियों ने कंपनी के प्रतिनिधियों को यहां उद्योग स्थापित करने के लिए उपलब्ध सुविधाओं और संभावनाओं से अवगत कराया।

प्लग एंड प्ले सुविधा से उद्योग लगाना होगा आसान

बैठक में एसीईओ प्रेरणा सिंह ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से ग्रेटर नोएडा और आईआईटीजीएनएल के औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप देश की सबसे स्मार्ट टाउनशिप में शामिल है। यहां प्लग एंड प्ले सिस्टम के तहत औद्योगिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। निवेशकों को भूखंड आवंटित होने के बाद उद्योग स्थापित करने में अनावश्यक देरी नहीं होगी। सभी जरूरी सुविधाएं पहले से विकसित होने के कारण उद्यमी जल्द उत्पादन शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।

पढ़ें  10 करोड़ की लागत से बिसरख में श्मशान घाट का निर्माण जल्द होगा शुरू, डेढ़ साल में बनकर होगा तैयार

सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी का दिया भरोसा

प्राधिकरण अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि राष्ट्रीय राजधानी के नजदीक होने के साथ ही ग्रेटर नोएडा सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के लिहाज से बेहतर स्थिति में है। यहां विकसित औद्योगिक ढांचा निवेशकों को कारोबार बढ़ाने के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध कराता है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि उद्योग लगाने के इच्छुक निवेशकों को कम से कम समय में भूखंड आवंटित करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

विदेशी प्रतिनिधिमंडल ने दिखाई निवेश में रुचि

बैठक में स्वीडन की कंपनी की ओर से मैगनस एंडरसन, मिसेल ग्रिंडबोर्न और टोरकेल कोगलोसा शामिल रहे। कंपनी के इंडिया एवीपी देवेंद्र शर्मा और जनरल मैनेजर अजीत सिंह भी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे। इसके अलावा आईबीए अध्यक्ष अमित उपाध्याय और उद्यमी मित्र भी मौजूद रहे। कंपनी की ओर से निवेश में रुचि दिखाए जाने को ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रस्तावित निवेश धरातल पर उतरता है तो इससे क्षेत्र में करीब 500 युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment