ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-16 स्थित कैबिनोज अपार्टमेंट के निवासियों को एक बार फिर बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। करीब 49 लाख रुपये के बकाया बिजली बिल के चलते बिजली विभाग ने बुधवार को शाम 4:00 बजे अपार्टमेंट की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। अचानक बिजली कटने से यहां रहने वाले निवासियों को परेशानी हो रही है।
बिजली गुल होने से बच्चों की पढ़ाई से लेकर बुजुर्गों की दिनचर्या तक प्रभावित हो रही है। घरों में बिजली नहीं होने से लोगों को जरूरी काम निपटाने में परेशानी हो रही है। वहीं, लिफ्ट और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी निवासी चिंतित हैं। निवासी एके झा ने बताया कि इससे पहले 12 नवंबर को भी करीब 49 लाख रुपये का बकाया होने के कारण बिजली विभाग ने आपूर्ति बंद कर दी थी। निवासियों को उम्मीद थी कि इस बीच बकाये का समाधान हो जाएगा, लेकिन एक बार फिर बिजली काटे जाने से लोगों की चिंता बढ़ गई है।
प्रबंधन और संबंधित विभाग के बीच विवाद
निवासियों का कहना है कि बिजली बिल का विवाद प्रबंधन और संबंधित विभाग के बीच का है, लेकिन इसका असर उन परिवारों पर पड़ रहा है, जो नियमित रूप से अपने घरों में रह रहे हैं। लोगों का सवाल है कि बिल के भुगतान में देरी का खामियाजा बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को क्यों भुगतना पड़े। निवासियों ने बिजली विभाग और सोसाइटी प्रबंधन से जल्द विवाद सुलझाकर आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
