आगरा धर्मांतरण केस: भोपाल में दाऊद अहमद की प्रॉपर्टी कुर्क, अब इंटरपोल के जरिए कनाडा से भारत लाने की तैयारी

Sanchar Now
3 Min Read

आगरा। अवैध मतांतरण गिरोह को फंडिंग करने वाला विदेशी सरगना नोटिस चस्पा होने के बाद भी कोर्ट में हाजिर नहीं हुआ है। पुलिस की ओर से मध्य प्रदेश के भोपाल में स्थित उसकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की गई है। वर्तमान में वह कनाडा में रह रहा है। कोर्ट के आदेश पर उसके घर पर पूर्व में नोटिस चस्पा किया गया था।

कनाडा में रह कर गिरोह को कर रहा था फंडिंग

अवैध मतांतरण मामले में विदेशी सरगना के रूप में कनाडा में रह रहा दाऊद अहमद वांछित है। फरवरी में आगरा पुलिस ने भोपाल के गांधीनगर स्थित रिलायबल हाइटेक सिटी कालोनी में स्थित दाऊद के घर पर न्यायालय से जारी नोटिस चस्पा किया था। पुलिस टीम ने उसके पिता जावेद और भाई को भी नोटिस तामील कराया था। साथ ही कालोनी में मुनादी भी कराई थी। इसके बाद भी वह न्यायालय में हाजिर नहीं हुआ।

जांच में पाकिस्तान कनेक्शन भी आया था सामने

बुधवार को विवेचक साइबर थाना प्रभारी रीता यादव ने पुलिस टीम के साथ भोपाल की रिलायबल हाइटेक सिटी कालोनी में दाऊद के घर पहुंचकर संपत्ति की कुर्की की। पुलिस टीम ने 5.25 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क की गई है। कार्रवाई के दौरान उसके पिता सहित अन्य स्वजन मौजूद रहे।

दाऊद वर्तमान में कनाडा में रह रहा है

दाऊद वर्तमान में कनाडा में रह रहा है। वह यहीं से मतांतरण गिरोह को फंडिंग करता था। पुलिस की जांच में सामने आया कि उसके कनेक्शन पाकिस्तान में बैठे लोगों से भी थे। पुलिस कनाडा से दाऊद को भारत लाने के लिए इंटरपोल के माध्यम से रेड कार्नर नोटिस जारी कराने की प्रक्रिया पूरी कर रही है।

पढ़ें  Bulandshahr News: मुस्लिम युवती से इश्क, प्रेमी को घर बुलाकर प्रेमिका के घरवालों ने कर दिया खतना!

डीसीपी साइबर क्राइम आदित्य ने बताया कि आरोपित को कई नोटिस भेजे गए। घर पर नोटिस चस्पा करने की भी कार्रवाई की गई, लेकिन वह न्यायालय में हाजिर नहीं हुआ। न्यायालय से अनुमति लेने के बाद चल संपत्ति को कुर्क किया गया है।

एआरटीओ आफिस और बैंक से भी जुटाई जानकारी

कुर्की करने के लिए भोपाल पहुंची पुलिस टीम ने वहां के एआरटीओ कार्यालय जाकर जानकारी जुटाई कि दाऊद के नाम से कोई वाहन पंजीकृत तो नहीं है। हालांकि अभी तक उसके नाम पर वाहन होने की जानकारी नहीं मिली। पुलिस टीम ने लीड बैंक मैनेजर की मदद से उसके बैंक खातों के संबंध में जानकारी मांगी है।

ये था मामला

बीते वर्ष सदर क्षेत्र से 24 मार्च को गायब दो बेटियों को पुलिस ने 18 जुलाई को कोलकाता के मुस्लिम बाहुल्य तपसिया क्षेत्र से बरामद किया था। बेटियों का अवैध मतांतरण कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 14 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरोह का सरगना दिल्ली के मुस्तफाबाद का रहने वाला अब्दुल रहमान उर्फ महेंद्र पाल सिंह है। सभी आरोपित अभी जेल में हैं।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment