अगस्त क्रांति अभियान की शुरुआत, भ्रष्टाचार के खिलाफ जिला मुख्यालय पर करप्शन फ्री इंडिया संगठन का प्रदर्शन

Sanchar Now
4 Min Read

संचार नाउ। करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने अपने घोषित ‘अगस्त क्रांति अभियान’ की शुरुआत गुरुवार को जिला मुख्यालय सूरजपुर से की। संगठन के कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और डिप्टी कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर के नाम दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर विभिन्न विभागों में भ्रष्टाचार, अवैध भूजल दोहन और खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

दरअसल, संगठन के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान भ्रष्टाचार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि जिले के कई सरकारी विभागों में शिकायतों के बावजूद आम लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय ने कहा कि गौतमबुद्धनगर में लंबे समय से बड़े पैमाने पर अवैध भूजल दोहन किया जा रहा है, जिससे जिले का जलस्तर लगातार नीचे जा रहा है। उनका आरोप है कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण विकास परियोजनाओं के लिए भूमि आवंटित कर रहे हैं, लेकिन कई स्थानों पर बिल्डरों द्वारा भूजल का अनियंत्रित दोहन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भूजल किसी व्यक्ति, बिल्डर या संस्था की संपत्ति नहीं, बल्कि जनता का प्राकृतिक संसाधन है, जिसकी सुरक्षा प्रशासन की जिम्मेदारी है।

संगठन ने खाद्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थ खुलेआम बिक रहे हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही। ज्ञापन के माध्यम से इन दोनों मामलों में तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।

पढ़ें  ग्रेटर नोएडा में फर्जी वाटर प्लांट का भंडाफोड़, बिल्सेरी और ब्लेसरी नाम से हो रही थी सप्लाई, 13,696 बोतलें जब्त

चौधरी प्रवीण भारतीय ने कहा कि संगठन पहले भी इन मुद्दों को लेकर आंदोलन कर चुका है और भूजल दोहन के विरोध में प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर जेल भी भेजा गया था। इसके बावजूद संगठन पीछे हटने वाला नहीं है और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा।

संगठन के संस्थापक सदस्य आलोक नागर ने कहा कि करप्शन फ्री इंडिया संगठन पिछले कई वर्षों से भ्रष्टाचार, मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री, अवैध भूजल दोहन, निजी स्कूलों की बढ़ी हुई फीस और आम जनता से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाता रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार और प्रशासन ने समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन को प्रदेश स्तर तक विस्तारित किया जाएगा।

संगठन ने बताया कि अगस्त क्रांति अभियान के तहत पूरे अगस्त माह में गौतमबुद्धनगर के अलावा बुलंदशहर, गाजियाबाद, हापुड़ सहित अन्य जिलों में भी भ्रष्टाचार के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन चलाकर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे जाएंगे। इस दौरान बलराज हूंन, दिनेश मास्टर,शिवकुमार कसाना, प्रेमराज भाटी, दुलीचंद नागर, पवन यादव, लखमी पंडित, आकाश नागर जग्गू प्रमुख, कमल नागर, राजे नागर, नबाब सिंह नागर, सुशील नागर, नितिन नागर, मोहित नागर, महेश नागर, निशांत तिवारी, तेजवीर चौहान, विजय प्रताप, मलखान यादव, वरुण नागर शेखर नागर, शादीराम, हुकुम सिंह, पुष्पेंद्र पंडित, राजपाल भाटी आदि लोग मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment