1.89 करोड़ उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को मिलेगा दीपावली का तोहफा, CM योगी ट्रांसफर करेंगे 1500 करोड़ की सब्सिडी

Sanchar Now
2 Min Read

उत्तर प्रदेश सरकार दीपावली के मौके पर करोड़ों परिवारों को बड़ी राहत देने जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर के लिए सब्सिडी की राशि जारी करेंगे. इस कदम से प्रदेश की लाखों महिलाओं और उनके परिवारों को सीधा फायदा मिलेगा. लखनऊ के लोक भवन सभागार में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लाभार्थियों के आधार सत्यापित बैंक खातों में सीधे 1500 करोड़ रुपये की सब्सिडी राशि ट्रांसफर करेंगे. इस योजना का लाभ प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को मिलेगा. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कुछ लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से चेक भी सौंपेंगे और प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे.

महिलाओं को मिलेगी बड़ी राहत

उज्ज्वला योजना से जुड़ी महिलाओं के लिए यह सहायता दीपावली के समय बड़ी राहत लेकर आएगी. रसोई गैस की बढ़ती जरूरतों के बीच सरकार की ओर से दी जा रही यह मदद परिवारों के घरेलू खर्च को कम करने में सहायक होगी. सरकार का कहना है कि योजना का उद्देश्य पात्र परिवारों तक लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है ताकि किसी भी स्तर पर परेशानी न हो.

कार्यक्रम में शामिल होंगे कई मंत्री

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाले इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय और राज्य मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहेंगे.

श्रीराम कथा महोत्सव में भी होंगे शामिल

लोक भवन के कार्यक्रम के अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ब्रह्मलीन महंत योगी शांतिनाथ जी की पुण्य स्मृति में आयोजित श्रीराम कथा महोत्सव में भी शामिल होंगे. इस दौरान वे श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाएंगे. दिवाली से पहले उज्ज्वला लाभार्थियों के लिए घोषित यह सहायता प्रदेश की महिलाओं के लिए सरकार की ओर से एक बड़े उपहार के रूप में देखी जा रही है.

पढ़ें  कौशांबी में दुष्कर्म पीड़िता की हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, गोली लगने से घायल, दो भाई फरार
Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment