मुख्य सचिव ने कराई ऑनलाइन स्व-गणना; आम जनता से की भागीदारी की अपील

Sanchar Now
6 Min Read

उत्तर प्रदेश में आज से एक नए डिजिटल युग की शुरुआत हो गई है. यहां ‘स्व-गणना’और ‘घर-घर जनगणना’ प्रक्रिया का आगाज हो गया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ के लोकभवन सभागार से जनगणना के दूसरे चरण के तहत इसक शुभारंभ किया. देश की इस पहली डिजिटल जनगणना का यह फेज 30 नवंबर तक चलेगा.

अब आम जनता आधिकारिक जनगणना पोर्टल पर जाकर घर बैठे ही ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार और आवास से जुड़ा विवरण खुद दर्ज कर सकती है.

घर बैठे देने होंगे 40 सवालों के जवाब

देश के पहले डिजिटल जनगणना अभियान के तहत तकनीक को आम जनता की सुविधा से जोड़ा गया है. ‘स्व-गणना’ की प्रक्रिया के दौरान नागरिकों को पोर्टल पर लगभग 40 सवालों के जवाब ऑनलाइन भरने होंगे. इससे न सिर्फ डेटा संग्रह में पारदर्शिता आएगी, बल्कि समय की भी बचत होगी. लोकभवन में आयोजित इस शुभारंभ कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

‘हर नागरिक की सहभागिता सामूहिक दायित्व’

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनगणना को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया. उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता से इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को सफल बनाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है. सटीक आंकड़े ही भविष्य की विकास योजनाओं की सही रूपरेखा तय करते हैं.

इनके जीवन में आया बड़ा बदलाव

अपने संबोधन के दौरान सीएम योगी ने समाज के सबसे पिछड़े और वंचित वर्गों के उत्थान को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई. उन्होंने कहा कि कभी बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहे वनटांगिया समुदाय की 54 बस्तियों के हजारों परिवार आज बुनियादी सुविधाओं से लाभान्वित हो रहे हैं. उन्हें नागरिकता का अधिकार मिला है और ‘योगी की पाती’ में भी मैंने उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलाव को स्थान दिया है.

पढ़ें  यूपी के इंटर कॉलेज में प्रिंसिपल की हत्या करने वाला आरोपी दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार

मुख्यमंत्री ने बताया कि इसी प्रकार, मुसहर समुदाय के लोगों को भी शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से पूरी तरह आच्छादित करने का कार्य किया गया है. उन्हें भूमि के पट्टे और आवास उपलब्ध कराए गए हैं.

‘योगी की पाती’ जनता से आत्मीय संवाद का माध्यम

मुख्यमंत्री ने ‘योगी की पाती’ का जिक्र करते हुए इसे अपने लिए संवेदना का विषय बताया. उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ किस प्रकार पहुंचाया जा सकता है. इन सभी प्रयासों और उपलब्धियों को ‘योगी की पाती’ के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया गया है. यह जनता के साथ आत्मीय संवाद स्थापित करने का एक सशक्त माध्यम है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘योगी की पाती’ मेरे लिए संवेदना का विषय है. यह समाज के अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक व्यक्ति तक संवाद का माध्यम भी है. पाती में युवा, छात्र, नारी सम्मान, अन्नदाता किसान और श्रमिकों सहित समाज के हर उस वर्ग के सरोकारों को स्थान देने का प्रयास किया गया है, जो किसी न किसी रूप में हमारी व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है. पाती के माध्यम से विरासत और विकास के उस अभिनव समन्वय को भी आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया है, जो हमारी वास्तविक शक्ति है.

उन्होंने यह भी कहा कि समाज में जो व्यक्ति अपनी आवाज नहीं उठा सकता, उसे भी सम्मानजनक जीवन जीने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ने का समान अधिकार मिलना चाहिए. कोल जाति के उत्थान के प्रयास इसी संकल्प को दर्शाते हैं.

घर बैठे कैसे होगी ये प्रक्रिया पूरी?

पढ़ें  वक्फ बोर्ड मामला: अमानतुल्लाह खान ने ED के नोटिस को चुनौती देने वाली याचिका वापस ली

1 दिसंबर से शुरू होने वाले घर-घर जनगणना अभियान के दौरान जनगणना कर्मचारियों को स्वगणना से मिले SE-ID दिखानी होगी. इस डिजिटल प्रक्रिया में परिवार की सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक, रोजगार और पलायन से जुड़ी जानकारियों के साथ स्वघोषणा के आधार पर जातिगत आंकड़े भी जुटाए जाएंगे, जिसके लिए किसी प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं है.

स्वगणना के लिए आधिकारिक पोर्टल (se.census.gov.in) पर मोबाइल नंबर और ओटीपी के जरिए पंजीकरण कर परिवार की जानकारी भरनी है, जिसके बाद मिलने वाली SE-ID को सुरक्षित रखना अनिवार्य है. किसी भी समस्या के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 या व्हाट्सएप चैटबॉट (18001801855) की सुविधा दी गई है, साथ ही इस बार एसिड अटैक पीड़ितों, ब्लड डिसऑर्डर और क्रॉनिक न्यूरोलॉजिकल बीमारियों से ग्रस्त लोगों का डेटा भी अलग से दर्ज किया जाएगा.

किन सवालों के देने होंगे जवाब?

जनगणना में परिवार की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक स्थिति से जुड़े कई सवाल पूछे जाएंगे. इसके अलावा परिवार के सदस्यों का नाम, उम्र, वैवाहिक स्थिति, धर्म, जाति, मातृभाषा, शिक्षा और रोजगार व पलायन से जुड़ी जानकारी भी आपको देनी होगी.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment