मंत्री संदीप सिंह और उनके भाई को आशीर्वाद देने पहुंचे सीएम योगी, सामने आईं रिंग सेरेमनी की तस्वीरें

Sanchar Now
3 Min Read

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय कल्याण सिंह के सुपौत्र और बेसिक शिक्षा विभाग के राज्यमंत्री संदीप सिंह तथा उनके भाई सौरभ सिंह के तिलक उत्सव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार शाम करीब 3:45 बजे रामघाट रोड स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचे. मुख्यमंत्री ने तिलक एवं सगाई समारोह में दोनों भाइयों को आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी दोनों भाइयों को आशीर्वाद दें, ताकि उनका जीवन उज्ज्वल हो. बांके बिहारी का आशीर्वाद सदैव उनके साथ बना रहे. साथ ही, उनके दादा हिंदू हृदय सम्राट स्वर्गीय कल्याण सिंह ‘बाबूजी’ का आशीर्वाद भी दोनों भाइयों पर बना रहे. इसी कामना के साथ मैं उन्हें हृदय से बधाई देता हूं.

हेलीकॉप्टर से अलीगढ़ पहुंचे सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हापुड़ से हेलीकॉप्टर के जरिए शाम करीब 3:45 बजे अलीगढ़ पहुंचे. कार्यक्रम में शामिल होने के बाद करीब 4:30 बजे हेलीकॉप्टर से आगरा के लिए रवाना हो गए. इस दौरान उनके साथ कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, दयाशंकर सिंह, संदीप सिंह, पूर्व सांसद राजवीर सिंह, विधायक अनिल पाराशर, राजकुमार सहयोगी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

मुख्यमंत्री की बात पर लगे ठहाके

समारोह में दोनों भाइयों को आशीर्वाद देने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन के दौरान हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि पूर्व सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता राजवीर सिंह राजू ने अपनी पत्नी के दबाव में आप सभी को यह न्योता दिया है. आप सभी के आने से हम लोगों को भी इस दावत में शामिल होने का अवसर मिल गया.

पढ़ें  बिजनौर: तेज रफ्तार Scorpio कार पेड़ से टकराई, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

मुख्यमंत्री की इस बात पर मंच पर मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ ही सामने बैठे लोग भी ठहाके लगाने लगे. उन्होंने आगे कहा कि संदीप सिंह सरकार में मंत्री हैं. वह इस आयोजन के लिए उन्हें पहले ही आमंत्रित कर चुके थे.

कार्यक्रम स्थल पर लगातार बढ़ती रही लोगों की संख्या

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने सोचा था कि शाम को पहुंचने तक कार्यक्रम में लोगों की संख्या कम हो जाएगी, लेकिन यहां तो लगातार आगंतुकों और आशीर्वाद देने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है. यह बाबूजी के परिवार के प्रति आप सभी लोगों का स्नेह है. उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचने के लिए सभी लोगों का हृदय से आभार व्यक्त किया.

‘जय श्रीराम’ के उद्घोष के साथ शुरू हुआ संबोधन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम करीब 4:17 बजे कार्यक्रम स्थल पर बने मंच पर पहुंचे. मंच पर पहुंचते ही उन्होंने ‘जय श्रीराम’ और ‘नमो पार्वती पतये, हर-हर महादेव’ के उद्घोष के साथ लोगों का अभिवादन किया. करीब छह मिनट तक उन्होंने दोनों भाइयों को आशीर्वाद दिया और उपस्थित लोगों को संबोधित किया.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment