लखनऊ: मतदाता सूची में गड़बड़ी मिलने पर बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, ईआरओ और एईआरओ का मानदेय काटा जाएगा। बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर का एक महीने, ईआरओ और एईआरओ का दो महीने का मानदेय काट दिया जाएगा। मतदाता सूची में गलतियां ढूंढ़ने वाले नागरिकों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा द्वारा शनिवार को जिलों को भेजे निर्देश कहा गया है कि मतदाता सूची में होने वाली गड़बड़ियों के जिम्मेदार अधिकारियों को डीएम चिह्नित करें। 17 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद 16 दिसंबर तक दावे व आपत्तियां लेने तक की अवधि के दौरान यह आंकलन किया जाएगा। इस दौरान बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, ईआरओ व एईआरओ की जवाबदेही तय की जाए और नियमानुसार मानदेय में कटौती की जाए।
BLO का एक महीने का मानदेय कटेगा
बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर के अधिकतम एक महीने तक के मानदेय में कटौती होगी। बीएलओ को डुप्लीकेट मतदाता, लिंग, नाम, आयु व पते से संबंधित त्रुटियों व बीएलओ सुपरवाइजर को एक ही परिवार के सदस्यों को अलग-अलग मतदान केंद्रों व अनुभागों में होने जैसी गंभीर त्रुटि पाने और ईआरओ व एईआरओ की जवाबदेही सात नवंबर को मतदाता सूची के फ्रीज होने व चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची जारी होने पर दावे-आपत्तियों की स्वीकृति व अस्वीकृति के आधार पर किया जाएगा। दो महीने का मानदेय इनका काटा जाएगा।
17 से 20 नवंबर तक BLO जांच करेंगे
मतदाता सूची की सघन जांच बीएलओ 17 से 20 नवंबर तक करेंगे। यह टेबल टॉप एक्सरसाइज पूरे प्रदेश में चलेगी। जिसमें बीएलओ अपने-अपने पोलिंग बूथ की मतदाता सूची की सघन जांच कर त्रुटियों को खोजेंगे। सभी डीएम को इसके निर्देश दिए गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि जांच के दौरान मतदाताओं के नाम, आयु, जेंडर, फोटो, पते और अन्य विवरणों में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित मतदाता से फॉर्म-8 भरवाया जाएगा। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत संशोधन किया जाएगा। पूरी कार्रवाई की निगरानी बीएलओ सुपरवाइजर और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) करेंगे।
वोटिंग लिस्ट की पारदर्शिता चुनाव प्रक्रिया का आधार
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता चुनाव प्रक्रिया का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और सभी अधिकारी आपसी समन्वय से समयसीमा के भीतर काम पूरा करें।
