गोरखपुर में CM योगी का जनता दर्शन कार्यक्रम; प्रदेशवासियों को दी गोवर्धन पूजा की बधाई

Sanchar Now
6 Min Read

गोरखपुर : गोरक्षपीठाधीश्वर और यूपूी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सुबह गोरखनाथ मंदिर की गौशाला में गोवर्धन पूजा की। गौ-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने गौसेवा की। उन्होंने इस मौके पर कहा कि हमें हर हाल में गाय की रक्षा करनी है। साथ ही गाय की नस्ल सुधार की दिशा में भी आगे बढ़ते हुए हर पशुपालक को समृद्धि के पथ पर अग्रसर करना है। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी का जनता दर्शन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। उन्होंने इस दौरान आम लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिए।

सीएम योगी ने गोरखपुर में मनाई दीवाली

सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को दीपावली पर्व गोरखपुर में मनाया। उन्होंने इस प्रवास के दूसरे दिन सोमवार को गोरखनाथ मंदिर की गौशाला में गोवर्धन पूजा की। उन्होंने गायों और गौवंश को मालाएं पहनाईं, तिलक लगाया और गौमाता का आशीर्वाद लेकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। गौ-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने गायों और गौवंश को अपने हाथों से गुड़ और केला खिलाया। इस दौरान उन्होंने कई गायों को उनका नाम लेकर पुकारा।

गोवर्धन पूजा के बाद सीएम योगी ने मीडिया से बातचीत में प्रदेश के लोगों और सभी गौ पालकों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गौ महत्ता को प्रतिष्ठित करने वाली परंपरा का निर्वहन करने के लिए उत्तर प्रदेश में सरकार 7,700 से अधिक गौशालाओं के माध्यम से निराश्रित गौवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए एक अभिनव कार्यक्रम चला रही है। इन गौशालाओं में 16 लाख से अधिक निराश्रित गौवंश रह रहे हैं।

पढ़ें  फर्जी जमीन घोटाले में एसएसपी देहरादून के निर्देश पर 21 लोगो पर चार्जशीट हुई तैयार

गायों के संरक्षण के लिए सरकार की तीन योजनाएं

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि गौसंरक्षण और गौसंवर्धन के लिए राज्य सरकार की वर्तमान में तीन प्रकार की योजनाएं चल रही हैं। पहली निराश्रित गौआश्रय स्थल, जो कि सरकार संचालित कर रही है। दूसरी सहभागिता स्कीम, जिसके तहत कोई भी किसान अगर निराश्रित गौआश्रय स्थल से गाय ले जाकर उनकी देखभाल करता है तो सरकार प्रति गाय लालन पालन के लिए प्रतिमाह 1500 रुपये उपलब्ध कराती है। इसमें एक किसान को चार गाय तक की अनुमति है। यानी एक किसान इस स्कीम से हर माह 6000 रुपये अतिरिक्त आमदनी अर्जित कर सकता है। इसी क्रम में कुपोषित परिवार को भी दूध पीने के लिए निराश्रित गौआश्रय स्थल से एक-एक ब्याई हुई गाय दी जाती है। इस तीसरी योजना में प्रति गाय के लिए परिवार को हर माह 1500 रुपये भी दिए जाते हैं। इन योजनाओं का बड़े पैमाने पर किसानों और कुपोषित परिवारों ने लाभ लिया है।

सड़कों पर न दिखाई दें गाय

मुख्यमंत्री ने कहा कि तीसरी स्कीम को राज्य सरकार ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में स्वयं ही संचालित करती है। ग्रामीण क्षेत्रों में गौ आश्रयस्थल की व्यवस्था पशुपालन विभाग करता है जबकि नगरीय क्षेत्र में यह कान्हा उपवन के रूप में नगर विकास विभाग का दायित्व है। उन्होंने कहा कि गौसंरक्षण और संवर्धन के लिए सरकार का एक ही ध्येय है कि गाय सड़कों पर न हो। किसानों की उपज को नुकसान न पहुंचाए, बल्कि सुरक्षित स्थान पर और सम्मानजनक ढंग से गाय की देखभाल हो सके। सीएम ने बताया कि निराश्रित गौआश्रय स्थल इसी उद्देश्य से प्रारंभ किए गए थे और आज उन्हें सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है।

पढ़ें  गोरखपुर में सीएम योगी का जनता दर्शन; 200 लोगों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को निर्देश

पशु के रूप में गाय महत्वपूर्ण उपहार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत जैसे कृषि और ऋषि प्रधान देश में गाय इसकी आत्मा है। भारत की धार्मिक और कृषि प्रधान परंपरा में गाय और गौवंश के महत्व को सदैव प्राथमिकता दी गई है। उसी परंपरा का निर्वहन दीपावली के अगले दिन गोवर्धन पूजा के रूप में होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गाय पशु के रूप में एक अत्यंत महत्वपूर्ण उपहार है। वह अपने आप में समृद्धि का एक खजाना है। धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष, इन चारों पुरुषार्थों का सबसे महत्वपूर्ण साधन गौसेवा ही है। सीएम योगी ने कहा कि जिस भी परंपरा में गाय और गौवंश के संरक्षण, संवर्धन के लिए ईमानदारीपूर्वक प्रयास होंगे, वहां पर सुख-समृद्धि अपने आप ही आती हुई दिखाई देगी।

गौसेवा की परंपरा के अनुसरण का आह्वान

मुख्यमंत्री योगी ने यूपी वासियों से गोवर्धन पूजा के उपलक्ष्य में गौसेवा की भारतीय परंपरा का अनुसरण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में पहला ग्रास गाय और अंतिम ग्रास श्वान का होता है। अगर हर परिवार अपनी परंपरा का निर्वहन करते हुए गाय के हिस्से का और श्वान के हिस्से का भी उपलब्ध करवाने की व्यवस्था करे तो यह बड़ा सेवा कार्य होगा। उन्होंने कहा कि जो नागरिक गाय नहीं पाल सकते वे धर्मार्थ कार्य की दृष्टि से संचालित गौशाला में सहयोग कर गौसेवा का कार्य कर सकते हैं।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment