बहू ने दी 6 लाख की सुपारी, नौकर ने किए चाकू से 26 वार… कानपुर में करोड़पति कारोबारी के कत्ल ऐसे खुला राज

Sanchar Now
4 Min Read

कानपुर : उत्तर प्रदेश में कानपुर के दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में पुलिस ने उनकी बहू शालू को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, जांच में शालू की भूमिका हत्या की साजिश में सामने आई है. इससे पहले पुलिस मृतक के पुराने नौकर विशाल और उसके साथी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर चुकी है. पुलिस का दावा है कि शुरुआती जांच में हत्या के पीछे लूट नहीं, बल्कि पारिवारिक तनाव और पैसों से जुड़ा विवाद सामने आया है.

मामला कल्याणपुर के रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट का है. विनीत मिनोचा की उनके फ्लैट के अंदर हत्या कर दी गई थी. घटना के वक्त उनका बेटा, बहू और पोता घर से बाहर थे. परिवार के लौटने पर विनीत का शव घर के अंदर मिला. इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और फ्लैट में आने-जाने वाले लोगों की जानकारी खंगालनी शुरू की. जांच के दौरान सीसीटीवी में दो लोग फ्लैट में दाखिल होते दिखाई दिए. पुलिस के मुताबिक, इनमें से एक की पहचान विनीत के पुराने नौकर विशाल के रूप में हुई.

विशाल करीब छह साल पहले विनीत के यहां काम करता था, लेकिन चोरी के आरोप में उसे नौकरी से निकाल दिया गया था. पुलिस का कहना है कि इसके बावजूद उसका परिवार से संपर्क बना हुआ था. पुलिस के मुताबिक, विशाल के पास फ्लैट की डुप्लीकेट चाबी थी. आरोप है कि उसने अपने साथी के साथ परिवार के घर से निकलने के कुछ देर बाद फ्लैट में प्रवेश किया और दोनों विनीत के लौटने का इंतजार करने लगे.

पुलिस के अनुसार, दोनों करीब एक घंटे से ज्यादा समय तक फ्लैट के अंदर रहे. अब जांच में पुलिस ने विनीत की बहू शालू की भूमिका सामने आने का दावा किया है. पुलिस के मुताबिक, परिवार में पैसे और खर्च को लेकर तनाव था. इसी विवाद के चलते शालू पर हत्या की साजिश रचने का आरोप है. पुलिस के अनुसार, हत्या के लिए 6 लाख रुपये में सौदा तय होने की बात सामने आई है.

पढ़ें  सादे कपड़ों में पहुंची टीम, बाज जैसा झपट्‌टा मारा और कानूनगो को कर लिया गिरफ्तार, हक्के-बक्के रह गए कर्मचारी

पुलिस का दावा है कि इसमें 2 लाख रुपये पहले दिए गए थे, जबकि 4 लाख रुपये हत्या के बाद दिए जाने थे. पुलिस के मुताबिक, हत्या की शुरुआती योजना विनीत की मौत को स्वाभाविक दिखाने की थी. आरोप है कि उन्हें सोते समय तकिए से दबाकर मारने और मौत को हार्ट अटैक जैसा दिखाने की योजना बनाई गई थी. हालांकि, पुलिस जांच के मुताबिक, विनीत उस रात बच्चों के कमरे की तरफ चले गए. वहां कथित तौर पर पहले से मौजूद दोनों आरोपियों के सामने आने के बाद योजना बदल गई और उन पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिसमें उनकी मौत हो गई.

वारदात के बाद पुलिस ने सीसीटीवी और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की. पुलिस के मुताबिक, विशाल और उसके साथी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया. पूछताछ और जांच में मिले सुरागों के आधार पर अब शालू को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले में साजिश की कड़ियों को जोड़ने के साथ-साथ बरामद साक्ष्यों और आरोपियों के बयानों की जांच कर रही है.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment