नोएडा में अर्टिगा कार से लिफ्ट देकर लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, सरगना समेत पांच दबोचे

Sanchar Now
3 Min Read

नोएडा के थाना सेक्टर-39 पुलिस ने एक ऐसे शातिर गिरोह को पकड़ा है, जो सवारियों को अपनी कार में लिफ्ट देकर हथियारों के बल पर लूटते थे. पुलिस ने स्टेलर ग्रीन पार्क के पास से 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जो मासूम यात्रियों को डरा-धमकाकर डिजिटल लूट को अंजाम देते थे.

पुलिस की गिरफ्त मे खडे नसीम अली, अभिषेक कुमार, विवेक, कार्तिक ठाकुर और मनोज कुमार को आज नोएडा की सेक्टर-39 पुलिस चेकिंग के दौरान एक अर्टिगा कार के साथ स्टेलर ग्रीन पार्क के पास से पकड़ा है. इस कार में सवार 5 लुटेरे सवारियों को जाल में फंसाने की फिराक में थे. इनके पास से पुलिस ने दो अवैध तमंचे, तीन चाकू और फर्जी नंबर प्लेट लगी एक अर्टिगा कार बरामद की है.

पूछताछ में हुए चौकाने वाले खुलासे

एडिशनल डीसीपी ने बताया कि पुलिस पूछताछ में इन लुटेरों ने चौकाने वाले खुलासे किए हैं. यह गिरोह एनसीआर क्षेत्र में अर्टिगा कार लेकर निकलता था और सवारियों को लिफ्ट देने के बहाने बैठाता था. एक बार सवारी कार के अंदर आ जाती, तो उसे अवैध शस्त्र दिखाकर जान से मारने की धमकी दी जाती थी.

लूटपाट करने के बाद सुनसान जगह पर छोड़कर हो जाते थे फरार

एडिशनल डीसीपी ने आगे बताया है कि लुटेरे सवारियों से मारपीट करते और उनके एटीएम (ATM) व यूपीआई (UPI) के माध्यम से जबरन पैसे ट्रांसफर करा लेते थे. लूटने के बाद मजलूम सवारियों को किसी सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो जाते थे.

बदमाशों का पुराना है आपराधिक इतिहास

अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशो में से नसीम अली और मनोज कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है. नसीम अली पर पहले से ही आर्म्स एक्ट और लूट से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं, वहीं मनोज कुमार पर एनडीपीएस और आबकारी अधिनियम के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है.

पढ़ें  Noida News: ग्रेनो प्राधिकरण के प्रबंधक के घर से लाखों के नकदी-आभूषण चोरी

फर्जी नंबर प्लेट का सहारा लेता था गिरोह

पुलिस अधिकारी ने आगे बताया है कि यह गिरोह फर्जी नंबर प्लेट का सहारा लेता था ताकि पुलिस की पकड़ में न आ सके. थाना 39 पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य साथियों और लूट की वारदातों की कुंडली खंगाल रही है. फिलहाल सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment