प्रदूषण पर ग्रेनो प्राधिकरण का एक्शन, 30 से अधिक टैंकरों से हो रही पेड़ों की धुलाई

Sanchar Now
3 Min Read

संचार नाउ। दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण के बीच ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शहर की आबोहवा सुधारने के लिए अपने प्रयास तेज कर दिए हैं। अब सड़कों और निर्माण स्थलों पर पानी के छिड़काव के साथ शहर में लगे पेड़ों की भी धुलाई कराई जा रही है। ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में इस काम के लिए 30 से अधिक टैंकर लगाए गए हैं। प्राधिकरण की टीमें एसटीपी से शोधित पानी का इस्तेमाल कर पेड़ों की पत्तियों पर जमी धूल साफ कर रही हैं।

दरअसल, ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ बलकार सिंह के निर्देश पर उद्यान विभाग सहित परियोजना और स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रदूषण नियंत्रण अभियान में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि पेड़ों की धुलाई से न केवल पत्तियों पर जमा धूल साफ होगी, बल्कि पेड़ों के नीचे जमीन में नमी भी बढ़ेगी। इससे धूल उड़ने की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।

ग्रेनो और वेस्ट में अलग-अलग टीमें तैनात

उद्यान विभाग के प्रभारी उपनिदेशक ज्ञानेंद्र यादव ने बताया कि ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में पेड़ों की धुलाई के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। दोनों क्षेत्रों में 30 से अधिक टैंकर लगातार काम कर रहे हैं। एसटीपी से शोधित पानी का उपयोग किया जा रहा है, जिससे पानी की बर्बादी भी न हो और पेड़ों की बेहतर तरीके से सफाई हो सके।

224 एंटी स्मॉग गन से धूल पर नियंत्रण

प्राधिकरण के उप महाप्रबंधक विजय रावल के मुताबिक, प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए निर्माण स्थलों पर 216 एंटी स्मॉग गन लगाई गई हैं। इसके अलावा आठ एंटी स्मॉग गन का इस्तेमाल सार्वजनिक स्थलों पर किया जा रहा है। इस तरह कुल 224 एंटी स्मॉग गन के माध्यम से धूल को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। इन सभी गतिविधियों में एसटीपी से शोधित पानी का इस्तेमाल किया जा रहा है।

पढ़ें  एमबीए के छात्र ने ट्रेन के सामने कूदकर की आत्महत्या, पिता से नाराजगी के चलते गवाई जान

सफाई के लिए 14 मशीनें भी उतारीं

सड़कों से धूल हटाने के लिए प्राधिकरण ने 14 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनें भी तैनात की हैं। इन मशीनों के जरिए प्रमुख सड़कों और अन्य मार्गों की सफाई कराई जा रही है, ताकि वाहनों की आवाजाही से उड़ने वाली धूल को कम किया जा सके।

कूड़ा जलाने वालों की दें सूचना

प्राधिकरण ने शहरवासियों से प्रदूषण नियंत्रण अभियान में सहयोग करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि यदि कहीं भी खुले में कूड़ा जलता दिखाई दे तो तत्काल प्राधिकरण के कॉल सेंटर नंबर 0120-2336046, 0120-2336047, 0120-2336048 और 0120-2336049 पर सूचना दें। इसके अलावा प्राधिकरण के मित्रा ऐप के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। प्राधिकरण ने निवासियों से शहर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment