स्वास्थ्य साथ नहीं दे रहा, वरना अभी तोड़ देते बैरिकेडिंग; प्रदर्शन में रोके जाने पर भड़के अखिलेश

Sanchar Now
6 Min Read

लखनऊ: देश की राजधानी दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दलों का विरोध-प्रदर्शन लगातार जारी है। मंगलवार को नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव सहित विपक्ष के कई बडे़ नेता विरोध-प्रदर्शन में शामिल हुए। बैरिकेडिंग से आगे बढ़ने की कोशिश में दिल्ली पुलिस ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को हिरासत में ले लिया। पत्रकारों के साथ बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं है, वरना वह अभी बैरिकेडिंग तोड़ देते।

‘ चुनाव आयोग निष्पक्ष काम नहीं कर रहा है’

मंगलवार को विपक्ष ने एकजुट होकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हल्ला बोला। आगे बढ़ने की कोशिश में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी बैरिकेड पर चढ़ गए। वहीं, अखिलेश यादव को हिरासत में ले लिया गया। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, अखिलेश यादव ने कहा कि आम जनता को भरोसा होता है, हमें चुनाव आयोग न्याय देगा, चुनाव आयोग निष्पक्ष होगा। उसकी क्रेडिबिलिटी साफ होगी, लेकिन इधर देखने को मिला है, जब से भाजपा की सरकार आई है, चुनाव आयोग निष्पक्ष काम नहीं कर रहा है। वह भाजपा के लिए काम कर रहा है।

‘यूपी में हमने फॉर्म-7 बंद करवाया’

अखिलेश यादव ने कहा कि यह देखने को मिला है, जो भाजपा का सदस्य है, वह वोटर बन सकता है। जो भाजपा का सदस्य है, वह भारत का नागरिक बन सकता है। यह किस तरह का व्यवहार चुनाव आयोग कर रहा है। मैंने और हमारे कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश में फॉर्म-7 बंद करवाया। फॉर्म-7 इसलिए बंद करवाया कि बड़े पैमाने पर हेराफेरी हो रही थी। सुल्तानपुर के रहने वाले नंदलाल निषाद उनके फर्जी दस्तखत करके उनका वोट काटा जा रहा था और फॉर्म 7 भरा जा रहा था। जब हम लोगों ने पकड़ा तो बेचारे को दस्तखत करना नहीं आता था, लेकिन चुनाव आयोग ने कार्रवाई नहीं की।

पढ़ें  मथुरा: यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, वाहन की टक्कर से कार पलटी; 6 की मौत

‘पूरा बंगाल का चुनाव लूट लिया’

अखिलेश यादव ने कहा कि पूरा बंगाल का चुनाव लूट लिया और केवल भाजपा एक जगह से बेईमानी नहीं करती है। उनके पास बहुत पैसा है, फोर्स का इंतजाम करते हैं, अपनी विचारधारा के लोगों को वोटिंग वाले दिन लगाते हैं। कई तरीके से भाजपा चुनाव को लूटती है। भाजपा ‘वन नेशन-वन इलेक्शन’ इसलिए करना चाहती है कि एक बार घपला कर लो, वन टाइम घपला कर लो और बार-बार पकड़ने की जरूरत ही नहीं है।

‘सुना है, भाजपा ने दिल्ली में कार्यालय बनाया है’

भाजपा कह रही है कि उनके साथ गणेश जी हैं, ज्ञानेश कुमार नहीं वाले बयान पर अखिलेश यादव ने कहा कि देखिए मुझे नहीं पता कि भाजपा किस रूप में ले रही है। यह बात तो साफ हो गई कि भारतीय जनता पार्टी को अपने बड़े-बड़े कार्यालय नहीं बनाने चाहिए। सुना है, दिल्ली में भी बड़ा कार्यालय बनाया है। उन्हें चुनाव आयोग में एक फ्लोर ले लेना चाहिए। वहीं से कार्यालय चलाएं। अब ऐसा लग रहा है कि चुनाव आयोग और भाजपा कार्यालय एक तरह से काम कर रहा है।

‘पीडीए के लोगों के अंदर पीड़ा है’

रोके जाने पर अखिलेश यादव ने कहा कि इस बार स्वास्थ्य साथ नहीं दे रहा है, नहीं तो अभी बैरिकेडिंग तोड़ दें, चले जाएं, कूद जाएं। इस बार जनता इनका इलाज करेगी। जनता इलाज करेगी इसलिए कि पीडीए के लोग जागरूक हैं। पीडीए के वोटरों के साथ चुनाव आयोग ने भेदभाव किया है। हमारे पिछड़े, दलित, मुसलमान भाई, क्रिश्चियन, पारसी, बौद्ध इन सबका बड़े पैमाने पर वोट काटा है। पीडीए के लोग… इन पीडीए के लोगों के अंदर पीड़ा है। उन्हें पीड़ित किया गया है, दुखी किया गया है, अपमानित किया गया है। यह पीडीए के लोग मिलकर के लोकतंत्र को बचाएंगे। अभी तक बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर जी के संविधान ने पीडीए के लोगों की रक्षा की थी। अब पीडीए के लोग इनकी रक्षा करेंगे।

पढ़ें  फीनिक्स माल में जूते के शोरूम में लगी भीषण आग, हर तरफ धुआं ही धुआं, जान बचाकर भागे पिक्चर देखने आए लोग

‘कोर्ट ने भी कहा, उसने ऐसा कुछ नहीं कहा’

चुनाव आयोग का मामला सुप्रीम कोर्ट में पहुंचने पर अखिलेश यादव ने कहा कि अभी अदालत में सुनने में आया है कि फॉर्म-6 को लेकर के किस तरीके से सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि उनकी तरफ से इस तरीके का कोई ऑब्जर्वेशन नहीं था। बताइए, चुनाव आयोग किसके इशारे पर काम कर रहा था? भाजपा के लोग झूठ बोलते हैं। इनसे ज्यादा झूठ बोलने वाला कोई नहीं हो सकता है। भाजपा एक गिरोह है और पैसे से लेकर के अपनी विचारधारा को थोप रहे हैं। संस्थाओं को खत्म कर रहे हैं। हमारे अधिकारों को छीन रहे हैं।

‘भाजपा के लोग, तो भारत के नागरिक’

अखिलेश यादव ने कहा कि आप भारतीय जनता पार्टी के सदस्य हैं, तो आप भारत के नागरिक हैं। भारतीय जनता पार्टी के आप सदस्य हैं, तो आपका वोट बन जाएगा, आप वोटर होंगे। इस तरह का भेदभाव लोकतंत्र के पक्षधर लोग, बाबा साहब के रास्ते पर चलने वाले, लोहिया के संघर्ष को मानने वाले, नेताजी के रास्ते को चलने वाले लोग कभी स्वीकार नहीं करेंगे।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment