जेवर में आकार लेगा हाईटेक AVGC-XR पार्क, बदल जाएगी यूपी की डिजिटल तस्वीर

Sanchar Now
3 Min Read

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश में डिजिटल और क्रिएटिव इंडस्ट्री को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (जेवर) और प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी के निकट अत्याधुनिक एवीजीसी एक्सआर (एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स एवं एक्सटेंडेड रियलिटी) पार्क विकसित करने की योजना पर कार्य शुरू कर दिया है।

यह परियोजना राज्य को एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स और इमर्सिव टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। प्रस्तावित एवीजीसी एक्सआर पार्क को अत्याधुनिक तकनीकों और विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया जाएगा, जहां देश-विदेश की कंपनियों, स्टार्टअप्स और क्रिएटिव प्रोफेशनल्स को एक ही स्थान पर काम करने का अवसर मिलेगा।

इस पार्क में एनीमेशन स्टूडियो, विजुअल इफेक्ट्स स्टूडियो, गेम डेवलपमेंट एवं गेम डिजाइन सेंटर, मोशन कैप्चर स्टूडियो और वर्चुअल प्रोडक्शन जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित कंटेंट निर्माण केंद्र, एक्सटेंडेड रियलिटी, वर्चुअल रियलिटी और ऑगमेंटेड रियलिटी लैब भी इस परियोजना का महत्वपूर्ण हिस्सा होंगे।

डिजिटल मीडिया एवं इमर्सिव कंटेंट डेवलपमेंट सेंटर के माध्यम से नए युग की डिजिटल कंटेंट इंडस्ट्री को बढ़ावा देने की योजना है। इससे मनोरंजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्षा, पर्यटन और औद्योगिक प्रशिक्षण जैसे कई क्षेत्रों में आधुनिक तकनीकों का उपयोग और अधिक व्यापक होगा।

विशेषज्ञों का मानना है कि जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी के निकट इस पार्क की स्थापना से निवेशकों और वैश्विक कंपनियों को आकर्षित करने में बड़ी मदद मिलेगी। बेहतर कनेक्टिविटी, आधुनिक बुनियादी ढांचा और फिल्म सिटी के साथ तालमेल इस परियोजना को देश की सबसे महत्वाकांक्षी डिजिटल मीडिया परियोजनाओं में शामिल कर सकता है।

पढ़ें  नोएडा की सोसाइटी में 24वें मंजिल पर हुआ जोरदार धमाका, फ्लैट में लगी आग; विस्फोट की क्या वजह?

इस एवीजीसी एक्सआर पार्क के विकसित होने से हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी सृजित होने की संभावना है। एनीमेशन, गेमिंग, वीएफएक्स, ऐआई और एक्सआर जैसी उभरती तकनीकों में प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, वहीं स्टार्टअप्स और नवाचार को भी नई गति मिलेगी।

यमुना प्राधिकरण का यह एवीजीसी एक्सआर पार्क इंडस्ट्री के फोकस सेक्टर के अंतर्गत विकसित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य भारत को एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स और एक्सटेंडेड रियलिटी तकनीकों के क्षेत्र में एक ग्लोबल हब के रूप में स्थापित करना है।

यह परियोजना उत्तर प्रदेश को डिजिटल कंटेंट, मीडिया और क्रिएटिव टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के साथ-साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था और निवेश वातावरण को भी मजबूती प्रदान करेगी।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment