नई दिल्ली. पुरुष अंडर-19 एशिया कप के अपने दूसरे मुकाबले में भारत को चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के हाथों हार का सामना करना पड़ा. ओमान के अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड में ग्रुप-ए का रोमांचक मुकाबला खेला गया, जिसे पाकिस्तान ने तीन विकेट से अपने नाम किया. हमजा जहूर के शतक ने भारत की उम्मीदों पर पानी फेरने का काम किया. भारत ने टॉस जीतकर बैटिंग करते हुए अर्जुन राजपूत के 107 रन की बदौलत 208 रन बनाए थे. 209 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम ने हमजा जहूर के नाबाद 100 रन से मुकाबला जीत लिया. एक समय भारत की जीत आसान लग रही थी, जब पाकिस्तान के 61 रन पर 5 विकेट गिर चुके थे, लेकिन हमजा ने हुसनैन अब्बास के साथ शतकीय साझेदारी करते हुए नाबाद सेंचुरी बनाकर पाकिस्तान को जिता दिया. पाकिस्तान की यह लगातार दूसरी जीत है, जबकि भारत को पहली हार मिली. इस हार ने भारत के आखिरी ग्रुप मैच को ‘करो या मरो’ बना दिया है. भारत को टॉप-4 में जगह बनाने के लिए हर हार में यूएई के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी.
हमजा ने अकेले छीन ली जीत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम को भारतीय गेंदबाजों ने पूरी तरह दबाव में ला दिया था. पाकिस्तान की आधी टीम महज 61 रन पर ही पवेलियन लौट चुकी थी. यहां से लगा कि भारत आसानी से मुकाबला अपने नाम कर लेगा, लेकिन इसके बाद हमजा जहूर और हसनैन अब्बास ने छठे विकेट के लिए 107 रन की साझेदारी करके बाजी पलट दी. जब तक मनाल चौहान ने यह साझेदारी तोड़ी तब तक देर हो चुकी थी. हसनैन ने 38 रन बनाए, जबकि हमजा ने 108 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए. हमजा ने 10 चौके और तीन छक्के लगाए.
मनाल ने की शानदार गेंदबाजी
भारत के लिए मनाल चौहान ने सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी की. उन्होंने 10 ओवर में सिर्फ 32 रन देकर तीन विकेट चटकाए. उनके अलावा मोहित उलवा ने 45 रन देकर दो विकेट निकाले. ईशान सूद और काव्य पटेल को एक-एक सफलता मिली. इनके अलावा किसी अन्य गेंदबाजों को कोई विकेट नहीं मिला.
अर्जुन की मेहनत पर फिरा पानी
पहले बल्लेबाजी करते हुए अर्जुन राजपूत ने भारत को 200 रन के पार पहुंचाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई. एक समय भारतीय टीम 42 रन पर 4 विकेट खोकर मुश्किल में थी, लेकिन इसके बाद अर्जुन ने अन्वय द्रविड़ के साथ 44 रन और मनाल चौहान के साथ 64 रन की साझेदारी करके भारत को लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाया. अर्जुन ने सिर्फ 80 गेंदों में शतक जड़ा. अर्जुन के बल्ले से 85 गेंदों में 11 चौके और 5 छक्कों की मदद से 107 रन निकले.
नहीं चला द्रविड़ और सहवाग का बल्ला
वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर और राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय का बल्ला इस मुकाबले में नहीं चला. ओपनिंग करने आए आर्यवीर ने भारत की पारी को संभालने की कोशिश जरूर की, लेकिन 22 रन बनाकर आउट हो गए. वहीं, विकेटकीपर बल्लेबाज अन्वय द्रविड़ 16 गेंदों में 10 रन ही बना सके. आर्यवीर ने एक चौका और एक छक्का लगाया, जबकि अन्वय सिर्फ एक चौका ही लगा सके. पाकिस्तान की गेंदबाज शानदार रही. अली रजा, रिजवानुल्लाह और निकाब शफीक ने तीन-तीन विकेट चटकाए, जबकि मोहम्मद सय्यम के हाथ एक सफलता लगी.
