नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पहली एयरलाइन बनी इंडिगो, 15 जून से शुरू होंगी उड़ानें

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) से वाणिज्यिक उड़ान सेवाओं की शुरुआत के लिए इंडिगो को लॉन्च कैरियर चुना गया है। भारत की सबसे बड़ी घरेलू एयरलाइन इंडिगो 15 जून 2026 से जेवर स्थित इस नए एयरपोर्ट से अपनी पहली नियमित उड़ान सेवाएं शुरू करेगी। इसके साथ ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से संचालन शुरू करने वाली इंडिगो पहली एयरलाइन बन जाएगी।

दरअसल, इंडिगो चरणबद्ध तरीके से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को देश के 16 से अधिक शहरों से सीधे जोड़ेगी। इनमें बेंगलुरु, हैदराबाद, अमृतसर, चंडीगढ़, धर्मशाला, जयपुर, लखनऊ, नवी मुंबई, पंतनगर और श्रीनगर जैसे प्रमुख शहर शामिल हैं। इससे दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और यात्रा के अधिक विकल्प मिलेंगे।

इंडिगो के चीफ स्ट्रेटेजी ऑफिसर आलोक सिंह ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश और एनसीआर के लिए एक नए प्रवेश द्वार के रूप में विकसित होगा। उन्होंने कहा कि इंडिगो को गर्व है कि वह एनसीआर के तीनों प्रमुख एयरपोर्ट—दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट, हिंडन एयरपोर्ट और अब नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट—से अपनी सेवाएं संचालित करेगी।

उल्लेखनीय है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट भारत की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजनाओं में शामिल है। यह एयरपोर्ट सड़क और रेल आधारित मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी के साथ विकसित किया जा रहा है, जिससे दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा।

15 जून की उद्घाटन उड़ानों में लखनऊ से सुबह 7:05 बजे उड़ान नोएडा पहुंचेगी और इसके बाद सुबह 8:35 बजे नोएडा से बेंगलुरु के लिए विशेष उड़ान रवाना होगी। इंडिगो की इस शुरुआत से जेवर एयरपोर्ट के संचालन को नई गति मिलने के साथ क्षेत्र के आर्थिक और औद्योगिक विकास को भी बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment