लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। शासन की ओर से जारी तबादला सूची में 28 आईपीएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में प्रदेश के कई पुलिस कमिश्नरेट, परिक्षेत्र और पुलिस इकाइयों के प्रमुख अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं।
सबसे अहम बदलाव गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट में देखने को मिला है। गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। वहीं, गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंद्र गौड़ को गौतमबुद्धनगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पियूष मोर्डिया को अपर पुलिस महानिदेशक (स्थापना), उत्तर प्रदेश मुख्यालय लखनऊ भेजा गया है।
वहीं, रमित शर्मा को लखनऊ जोन का अपर पुलिस महानिदेशक और प्रवीण कुमार को बरेली जोन का अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है। किरण एस को वाराणसी का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है।
तबादला सूची में गौतमबुद्धनगर की डीसीपी सुनीति को पुलिस महानिदेशक मुख्यालय लखनऊ में पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं, डीसीपी प्रीति यादव को 15वीं वाहिनी पीएसी आगरा का सेनानायक नियुक्त किया गया है।
इसके साथ ही प्रयागराज, कानपुर नगर, अलीगढ़, आगरा, सहारनपुर और लखनऊ समेत कई जिलों एवं पुलिस इकाइयों में भी अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों, पुलिस उपमहानिरीक्षकों और पीएसी वाहिनियों के सेनानायकों के भी तबादले किए गए हैं।
गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में बदलाव पर खास नजर
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में पुलिस कमिश्नर की जिम्मेदारी अब जे. रविंद्र गौड़ संभालेंगे। वहीं, लक्ष्मी सिंह अब गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट की कमान संभालेंगी। इस बदलाव को प्रदेश के पुलिस महकमे में हुए बड़े प्रशासनिक फेरबदल का अहम हिस्सा माना जा रहा है।


