संचार नाउ। शारदा यूनिवर्सिटी में भारत और रूस की सांस्कृतिक विरासत का अनूठा संगम देखने को मिला। यहां रशियन फैशन अकादमी की अंतरराष्ट्रीय पहल ‘रूस से दुनिया तक’ के तहत रूसी डिजाइनरों की 35 मौलिक फैशन कृतियों का प्रदर्शन किया गया। पारंपरिक रूसी शिल्पकला और आधुनिक फैशन के मेल से तैयार इन डिजाइनों ने दर्शकों को आकर्षित किया। इस आयोजन के जरिए दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के साथ विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय फैशन जगत की रचनात्मकता से रूबरू कराया गया।
दरअसल, शारदा यूनिवर्सिटी के इंटरनेशनल रिलेशंस डिवीजन और शारदा स्कूल ऑफ डिजाइन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में रूस के पांच अलग-अलग क्षेत्रों से आए उभरते डिजाइनरों की कलाकृतियां प्रदर्शित की गईं। कार्यक्रम में रूसी सांस्कृतिक विरासत पर विशेष प्रस्तुति के साथ विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने भी फैशन शो के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाई।
पांच क्षेत्रों के डिजाइनरों की 35 कृतियों ने बिखेरा जलवा
प्रदर्शनी में रूस के मध्य, उत्तरी, दक्षिणी, पश्चिमी और पूर्वी क्षेत्रों के पांच डिजाइनरों की 35 मौलिक कृतियां शामिल रहीं। इन परिधानों में रूसी परंपराओं, पारंपरिक शिल्प कौशल और आधुनिक फैशन का शानदार तालमेल देखने को मिला। डिजाइनरों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से रूस की सांस्कृतिक पहचान को नए अंदाज में प्रस्तुत किया।
रचनात्मकता से मजबूत होंगे भारत-रूस के रिश्ते
रशियन फैशन अकादमी की प्रमुख इरीना मालोवा ने कहा कि यह अकादमी का पहला अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक मिशन है। इसका उद्देश्य रचनात्मक क्षेत्रों के माध्यम से रूसी संस्कृति की विशिष्ट पहचान को दुनिया के सामने लाना है। भारत और रूस दोनों की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराएं हैं। ऐसे आयोजन एक-दूसरे की संस्कृति को समझने और उससे सीखने का अवसर देते हैं।
विद्यार्थियों को मिला अंतरराष्ट्रीय अनुभव
शारदा यूनिवर्सिटी के इंटरनेशनल रिलेशंस निदेशक डॉ. अशोक दरयानी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सहयोग केवल शिक्षा तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि सांस्कृतिक समझ और आपसी जुड़ाव भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। वहीं प्रो-चांसलर वाई.के. गुप्ता ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की सोच को व्यापक बनाते हैं और उन्हें वैश्विक स्तर पर काम करने के लिए तैयार करते हैं।
शारदा स्कूल ऑफ डिजाइन की डीन प्रो. (डॉ.) दीप्ति पाराशर ने कहा कि फैशन सांस्कृतिक पहचान को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। इस प्रदर्शनी से विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय डिजाइनिंग के नए दृष्टिकोण समझने और पारंपरिक कला को आधुनिक रूप में प्रस्तुत करने की प्रेरणा मिली। यह पहल भारत में रशियन फैशन अकादमी के व्यापक सांस्कृतिक मिशन का हिस्सा रही। इसके माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों और डिजाइनरों के बीच संवाद को बढ़ावा मिला तथा भारत-रूस की मित्रता और सांस्कृतिक सहयोग को नई मजबूती मिली।
