संचार नाउ। जनगणना-2027 को लेकर ग्रेटर नोएडा में तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 16 नवंबर से स्व-गणना अभियान शुरू होने जा रहा है। इसके तहत शहर के नागरिक घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार और आवास से जुड़ी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। यह अभियान 30 नवंबर तक चलेगा। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनगणना कर्मी घर-घर पहुंचकर जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे।
दरअसल, अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने आरडब्ल्यूए और एओए प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें जागरूकता अभियान में सहयोग करने की जिम्मेदारी सौंपी है।
आरडब्ल्यूए और एओए को सौंपी जागरूकता की जिम्मेदारी
शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बोर्ड रूम में नगर जनगणना अधिकारी एवं एसीईओ सुमित यादव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। इसमें ओएसडी मुकेश कुमार सिंह, ओएसडी अभिषेक पाठक और ओएसडी लवगीत कौर मौजूद रहे। बैठक में विभिन्न सेक्टरों की आरडब्ल्यूए और आवासीय सोसायटियों की एओए के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
सुमित यादव ने प्रतिनिधियों से अपने-अपने सेक्टरों और सोसायटियों में लोगों को स्व-गणना की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देने और अधिक से अधिक परिवारों को ऑनलाइन विवरण दर्ज कराने के लिए प्रेरित करने की अपील की। प्राधिकरण का उद्देश्य जनगणना में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
मोबाइल पर ओटीपी से होगा सत्यापन, मिलेगी विशेष आईडी
स्व-गणना के लिए नागरिकों को https://se.census.gov.in पोर्टल पर जाना होगा। यहां सबसे पहले राज्य और अपनी पसंद की भाषा का चयन करना होगा। इसके बाद मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी से सत्यापन किया जाएगा। पोर्टल पर परिवार के मकान, आवासीय स्थान और परिवार के सभी सदस्यों से संबंधित जानकारी भरनी होगी।
फॉर्म सबमिट करने के बाद आवेदक को एक विशेष स्व-गणना आईडी (SE ID) मिलेगी। इस आईडी को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है, क्योंकि बाद में जनगणना कर्मी घर पहुंचकर इसी के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज जानकारी का सत्यापन करेंगे। आईडी का मिलान नहीं होने की स्थिति में परिवार के सदस्यों का विवरण दोबारा दर्ज कराया जा सकता है।
एसीईओ की अपील, राष्ट्रीय कार्य में निभाएं जिम्मेदारी
नगर जनगणना अधिकारी एवं एसीईओ सुमित यादव ने शहरवासियों से स्व-गणना अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। सभी लोग निर्धारित समय में अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कराएं और जनगणना-2027 को सफल बनाने में अपना योगदान दें।
