Ramayana फिल्म के शो के दौरान प्रोजेक्टर रूम में शॉर्ट सर्किट, ग्रेटर नोएडा के मॉल में मची अफरा-तफरी

Sanchar Now
3 Min Read

ग्रेनो वेस्ट स्थित गैलेक्सी ब्लू सफायर मॉल के यूएस सिनेमा में गुरुवार शाम फिल्म रामायण की स्क्रीनिंग के दौरान अचानक प्रोजेक्टर रूम से धुआं निकलने लगा। धुआं फैलते ही सिनेमा हॉल में मौजूद दर्शकों के बीच अफरा-तफरी मच गई। एहतियात के तौर पर फिल्म का शो बीच में ही रोक दिया गया और ऑडिटोरियम खाली करा लिया गया। घटना के चलते सिनेमा के तीन ऑडिटोरियम में फिल्म की स्क्रीनिंग बंद करनी पड़ी। गनीमत रही कि समय रहते स्थिति को संभाल लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के मुताबिक, थाना बिसरख क्षेत्र के गैलेक्सी ब्लू सफायर मॉल स्थित यूएस सिनेमा में गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे ऑडिटोरियम नंबर-10 में रामायण फिल्म का शो चल रहा था। इसी दौरान प्रोजेक्टर रूम में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। इससे तार गर्म होने लगे और वहां धुआं फैल गया। प्रोजेक्टर से धुआं निकलता देख सिनेमा हॉल में मौजूद दर्शक घबरा गए। इसके बाद सिनेमा प्रबंधन ने तत्काल शो रुकवाकर लोगों को बाहर निकालना शुरू कर दिया।

ऑडिटोरियम नंबर-10 में उस समय करीब 25 दर्शक फिल्म देख रहे थे। वहीं पुलिस के अनुसार मौके पर मौजूद लोगों ने अग्निशमन यंत्र की मदद से तारों में लगी आग को शुरुआती स्तर पर ही बुझा दिया। इसके बाद ऑडिटोरियम में मौजूद करीब 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना के बाद एहतियातन तीन ऑडिटोरियम में स्क्रीनिंग रोक दी गई।

सूचना मिलने पर फायर सर्विस की टीम और बिसरख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया। राहत की बात यह रही कि धुएं के कारण किसी दर्शक या कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है। शो बीच में रुकने से दर्शकों को हुई असुविधा के बाद सिनेमा प्रबंधन की ओर से टिकट की रकम भी वापस कर दी गई। प्रारंभिक जांच में प्रोजेक्टर रूम में शॉर्ट सर्किट के कारण तार गर्म होने और धुआं निकलने की बात सामने आई है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की ओर से मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

पढ़ें  नोएडा और ग्रेटर नोएडा में घर खरीदारों के लिए खुशखबरी: UP RERA ने 3 नए प्रोजेक्ट्स को दी हरी झंडी
Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment