स्पिनरों ने पाकिस्तान को 55 रन पर किया ढेर, भारत ने 7 विकेट से जीता मैच

Sanchar Now
6 Min Read

नई दिल्‍ली। प्‍लेयर ऑफ द मैच श्री चरणी और प्रेमा रावत के 3-3 विकेट की बदौलत भारतीय टीम ने विमंस एशिया कप 2026 के 9वें मैच में शनिवार को पाकिस्‍तान को 7 विकेट से हराकर जीत की हैट्रिक लगाई। इससे पहले हरमनप्रीत कौर की सेना ने थाईलैंड और हांगकांग चीन को हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया था।

टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी पाकिस्‍तान टीम की शुरुआत धीमी थी। भारत की ओर से पहले 4 ओवर तेज गेंदबाजों ने किए और वह कोई विकेट नहीं ले पाए। इसके बाद बतौर कप्‍तान 150वां टी20 खेल रहीं हरमनप्रीत कौर के एक दांव ने पाकिस्‍तान को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया।

महिला T20I में कप्तान के तौर पर सर्वाधिक मैच

  • 150* – हरमनप्रीत कौर (IND-W)
  • 121 – चमारी अथापथु (SL-W)
  • 100 – मेग लैनिंग (AUS-W)
  • 96 – हीथर नाइट (ENG-W)
  • 96 – डायने बिमेन्यिमाना (RWA-W)

हरमनप्रीत ने स्पिनर्स को गेंद थमाई और पूरी पाकिस्‍तान टीम 18.1 ओवर में 55 रन पर ढेर हो गई। T20I में पाकिस्‍तान महिला टीम का यह सबसे कम स्‍कोर है। 56 रन के टारगेट को भारतीय टीम ने 8.4 ओवर में 3 विकेट खोकर चेज कर लिया।

T20I में PAK-W के सबसे कम ऑल-आउट स्कोर

  • 55 बनाम IND-W, दुबई, 2026
  • 56 बनाम NZ-W, दुबई, 2024
  • 60 बनाम ENG-W, टॉनटन, 2009
  • 63 बनाम IND-W, ग्वांगझू, 2012
  • 65 बनाम WI-W, सेंट एंड्रयूज, 2011
  • 72 बनाम SL-W, कोलंबो (NCC), 2018

स्पिनर्स का रहा बोलबाला

टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी पाकिस्‍तान टीम की शुरुआत औसत रही। सलामी बल्‍लेबाज मुनीबा अली और शावाल जुल्फिकार ने पहले 4 ओवर में 23 रन बनाए। इसके बाद हरमनप्रीत कौर ने स्पिनर्स को गेंद दी और पाकिस्‍तान टीम ने घुटने ही टेक दिए। पाकिस्‍तान टीम नियमित अंतराल में विकेट खोती चली गई। 27 के स्‍कोर पर पाकिस्‍तान को पहला झटका लगा था और पूरी टीम 55 रन पर ढेर हो गई।

पढ़ें  रोहित शर्मा से आगे निकले आयरलैंड के कप्तान पॉल स्टर्लिंग, टी20 इंटरनेशनल में बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड

शेफाली ने दिलाई पहली सफलता

5वें ओवर में शेफाली वर्मा ने मुनीबा अली (13) को बोल्‍ड किया। अगले ही ओवर में श्री चरणी ने पाकिस्‍तान को 2 झटके लिए। पावरप्‍ले के आखिरी ओवर की दूसरी गेंद पर चरणी ने गुल फिरोजा (0) और आखिरी गेंद पर शावाल जुल्फिकार (14) को अपने जाल में फंसाया।

लगातार विकेट खोती चली गई

7वें ओवर में कोई विकेट नहीं आया तो 8वें ओवर में श्री चरणी ने पाकिस्‍तान को एक और झटका दिया। इस बार चरणी ने आयशा जफर (2) का शिकार किया। 9वें ओवर में प्रेमा रावत ने सदफ शमास (3) को बोल्‍ड किया। 10वें ओवर की पहली गेंद पर दीप्ति शर्मा ने पाकिस्‍तान कप्‍तान फातिमा सना को LBW आउट किया।

प्रेमा-चरणी ने लिए 3-3 विकेट

इसके बाद 14वें ओवर में एयमान फातिमा और 15वें ओवर में उम्म-ए-हानी पवेलियन लौटीं। 17वें ओवर में नाशरा संधू का कैच विकेटकीपर ऋचा घोष ने लिया और प्रेमा रावत के खाते में मैच का तीसरा विकेट आया। श्री चरणी ने भी 3 विकेट चटकाए और वह एशिया कप में दूसरी सबसे ज्‍यादा विकेट (34) लेने वाली भारतीय बनीं। 35 विकेट के साथ पूनम यादव टॉप पर हैं। दीप्ति शर्मा ने 2 और शेफाली वर्मा ने 1 शिकार किया।

शेफाली ने सिक्‍स से की शुरुआत

56 रन चेज करने उतरी भारतीय टीम की ओर से शेफाली वर्मा ने पहली गेंद पर ही सिक्‍स लगाया। अगली गेंद पर 1 रन लेते ही उनके टी20 इंटरनेशनल में 3000 रन पूरे हुए। शेफाली विमंस T20I में 3000 रन बनाने वाली 16वीं खिलाड़ी हैं। वह स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर के बाद यह कारनाम करने वाली भारत की तीसरी खिलाड़ी हैं। दूसरे ओवर में पाकिस्‍तानी कप्‍तान फातिमा सना ने शेफाली (12) और प्रतिका रावल (4) का विकेट चटकाया।

पढ़ें  रणबीर कपूर बनेंगे 'राम' हनुमान जयंती पर जारी होगा 'रामायण' का पहला लुक, मेकर्स ने की बड़ी घोषणा

विमंस T20I पारी की पहली गेंद पर सिक्‍स

  • एमी हंटर (IRE-W) ने फातिमा सना (PAK-W) की गेंद पर, डबलिन, 2025
  • होलन डोरिगा (PNG-W) ने साइमा तुहादेलेनी (NAM-W) की गेंद पर, काठमांडू, 2026
  • शेफाली वर्मा (IND-W) ने सादिया इकबाल (PAK-W) की गेंद पर, एजबेस्टन, 2026
  • शेफाली वर्मा (IND-W) ने सादिया इकबाल (PAK-W) की गेंद पर, दुबई, 2026

महिला T20I में सबसे कम उम्र में 3000 रन बनाने वाली खिलाड़ी

  • 22 साल 220 दिन – शेफाली वर्मा (IND-W)
  • 24 साल 347 दिन – गैबी लुईस (IRE-W)
  • 27 साल 139 दिन – ईशा ओझा (UAE-W)
  • 27 साल 171 दिन – स्मृति मंधाना (IND-W)
  • 27 साल 347 दिन – हेली मैथ्यूज (WI-W)

पाकिस्‍तानी कप्‍तान यहीं नहीं रुकीं। उन्‍होंने अपने दूसरे और पारी के चौथे ओवर में स्‍मृति मंधाना (9) को LBW आउट किया। इसके बाद हरमनप्रीत और दीप्ति शर्मा ने भारत को जीत दिला दी। हरमन 18 गेंदों पर 18 और दीप्ति 12 रन बनाकर नाबाद रहीं।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment