भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में आयोजित बजट विधानसभा सत्र–2026 के दौरान जनपद अल्मोड़ा के विकासखण्ड चौखुटिया से आए जनमानस कल्याण समिति धामदेवल के पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को मंत्री के समक्ष रखते हुए विभिन्न मांगों को रखा।
धामदेवल अस्पताल का नाम वीर सैनिक के नाम पर रखने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने चौखुटिया विकासखण्ड के अंतर्गत ग्राम सभा हाट-झला के मध्य स्थित राजकीय एलोपैथिक चिकित्सालय धामदेवल का नाम वर्ष 1971 के युद्ध के वीर सैनिक मोहन सिंह महारा के नाम पर रखने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि इससे क्षेत्र में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा मिलेगा और वीर सैनिक के बलिदान को सम्मान देने का अवसर भी मिलेगा।
शहीद स्वतंत्रता सेनानी स्मारक स्थल बनाने का प्रस्ताव
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के समक्ष क्षेत्र में शहीद स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में एक स्मारक स्थल के निर्माण की मांग भी रखी। उनका कहना था कि इस तरह के स्मारक स्थल बनने से आने वाली पीढ़ियों को देश के वीरों के त्याग और बलिदान की जानकारी मिलेगी और युवाओं को प्रेरणा भी मिलेगी।
मंत्री गणेश जोशी ने दिया सकारात्मक आश्वासन
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और इस पर सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों और पूर्व सैनिकों के सम्मान और कल्याण के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रही है।
मंत्री ने कहा कि इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए जाएंगे ताकि उचित प्रक्रिया के अनुसार आगे कदम उठाए जा सकें।
प्रतिनिधिमंडल में ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर जनमानस कल्याण समिति धामदेवल के अध्यक्ष एवं पूर्व सैनिक रघुवर दत्त, महासचिव प्रताप सहित अन्य पूर्व सैनिक भी उपस्थित रहे और उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं व मांगों को मंत्री के सामने विस्तार से रखा।
