सहारनपुर में मूसलाधार बारिश बनी आफत, जलभराव के कारण कब्रिस्तान से बाहर आए शव

Sanchar Now
5 Min Read

सहारनपुर जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है. एक ओर तेज पानी के बहाव से सैय्यद माजरा गांव के कब्रिस्तान में कई कब्रें क्षतिग्रस्त हो गईं और शव बाहर आ गए तो वहीं दूसरी ओर सरसावा क्षेत्र में यमुना नदी में कार समाने से दो पत्थर ठेकेदारों की दर्दनाक मौत हो गई. इसके अलावा मां शाकुंभरी मंदिर परिसर में अचानक सैलाब आया है. साथ ही इलाके की बरसाती नदियों में बाइकें बहने और खेतों में जलभराव से पूरे जिले में हालात गंभीर बने हुए हैं.

देहरादून-दिल्ली हाईवे स्थित सैय्यद माजरा गांव के कब्रिस्तान में तेज बारिश और मिट्टी के कटाव के कारण कई कब्रें बह गईं. पानी के तेज बहाव में कुछ शव कब्रों से बाहर आ गए. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे. समाजसेवी आशु और पाशा ने स्थानीय लोगों के सहयोग से बाहर आए शवों को पूरे सम्मान और धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार दोबारा सुपुर्द-ए-खाक कराया.

यमुना में समाई कार, 2 की मौत

उधर, सरसावा क्षेत्र के मंधोर के पास पोभारी जंगल में शुक्रवार रात बड़ा हादसा हो गया. हरियाणा सरकार की ओर से यमुना नदी के कटाव रोकने के लिए चल रहे पेचिंग कार्य के दौरान तीन पत्थर ठेकेदार अपनी कार में यमुना किनारे बने तटबंध पर बैठे थे. इसी दौरान बारिश के बीच तटबंध धंस गया और कार सीधे यमुना में समा गई. मजदूरों और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर तीनों को बाहर निकाला, लेकिन पीजीआई पिलखनी में डॉक्टरों ने दो ठेकेदारों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक घायल का उपचार जारी है. दोनों मृतक सरसावा थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं.

पढ़ें  यूपी में बेसिक शिक्षकों का समायोजन रद्द, हाई कोर्ट ने कहा- गलतियों को सुधारा जाए

शाकुंभरी मंदिर में अचानक आया सैलाब

इसी बीच शिवालिक क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण मां शाकुंभरी देवी मंदिर परिसर में अचानक पानी का तेज सैलाब आ गया. मिर्जापुर थाना प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह ने पुलिस टीम के साथ तत्काल मोर्चा संभालते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और किसी भी अप्रिय घटना को होने से रोका. पुलिस ने श्रद्धालुओं से नदी का बहाव सामान्य होने तक दर्शन के लिए आगे न बढ़ने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की.

बेहट क्षेत्र के जैतपुर के पास सहंश्रा नदी में अचानक पानी का तेज बहाव आने से दो बाइकें बह गईं. बाइक सवार महिला समेत दो लोग भी तेज धारा में फंस गए, जिन्हें मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए सकुशल बाहर निकाल लिया. बाद में दोनों बाइकें भी नदी से बाहर निकाल ली गईं. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

खुवासपुर नदी में बह गई बाइक

वहीं, मिर्जापुर क्षेत्र के खुवासपुर नदी में भी तेज बहाव के दौरान एक बाइक पानी में बह गई. ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर रेस्क्यू कर बाइक को बाहर निकाला. ग्रामीणों का आरोप है कि दो वर्ष पहले टूटी सड़क का अब तक निर्माण नहीं कराया गया है, जिससे हर बारिश में हादसे का खतरा बना रहता है. उन्होंने सड़क निर्माण की मांग की है.

खेत और खलिहान जलमग्न

लगातार बारिश का असर खेती पर भी पड़ा है. जिले के कई इलाकों में खेत और खलिहान जलमग्न हो गए हैं. छुटमलपुर-नौशरहेड़ी मार्ग, इब्राहिमपुर समेत कई स्थानों पर जलभराव से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. किसानों ने फसलों के नुकसान की आशंका जताई है. बारिश के चलते जिले की अधिकांश बरसाती नदियां उफान पर हैं और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है. लोगों से अपील की गई है कि नदी-नालों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहें. प्रशासन और पुलिस के निर्देशों का पालन करें.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment