उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए समाजवादी पार्टी ने दो उम्मीदवारों- रामगोपाल यादव और धनराज नथवानी के नाम का ऐलान कर दिया है. हालांकि सपा ने पर्चे चार खरीदे हैं और पार्टी एक और उम्मीदवार उतारेगी.
अब इसको लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बड़ा बयान दिया है. अखिलेश ने तीसरे कैंडिडेट के सवाल पर कहा कि जैसे ही संख्या पूरी हो जाएगी, वो भी कर देंगे. सपा प्रमुख ने इस दौरान यह भी बताया कि नथवानी को सपा से राज्यसभा चुनाव का उम्मीदवार क्यों बनाया गया?
अखिलेश ने कहा कि मुझे लगता है कि समाजवाद पढ़ लेना चाहिए. लोहिया के विचारों को समझना चाहिए कि आप भारत में समृद्धि कैसे लाएंगे. आज भारत सरकार निवेश लाने की बात करती है, प्रदेशों में निवेश की बात होती है. उद्योग जगत के लोगों के जुड़ने से प्रदेश को फायदा होगा. समाजवादी पार्टी कारोबार बढ़ाने का काम करेगी.
इसके अलावा यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश ने वर्ष 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव में अलायंस पर कहा कि जो गठबंधन पहले था वही गठबंधन आगे रहेगा.
कौन हो सकता है सपा का तीसरा उम्मीदवार
अखिलेश यादव ने अभी तक समाजवादी पार्टी की ओर से राज्यसभा के लिए तीसरे उम्मीदवार का ऐलान नहीं किया है, लेकिन दो नामों की चर्चा तेज है. एक तो पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री सलीम शेरवानी और दूसरे आलोक रंजन. बता दें, आलोक रंजन को सपा ने राज्यसभा चुनाव 2024 में भी उम्मीदवार बनाया था, लेकिन सात बागी विधायकों की क्रॉस वोटिंग की वजह से वे चुनाव हार गए थे. इसी बीच अखिलेश यादव ने दावा किया है कि राज्यसभा का तीसरा टिकट जल्द घोषित करेंगे.
राकेश सचान से क्यों मिले अखिलेश यादव
सीएम योगी के मंत्री राकेश सचान ने आज अखिलेश यादव से मुलाकात की. इसपर सपा प्रमुख ने कहा कि स्पीकर से भी तो मुलाकात हुई, इसका मतलब तो नहीं कि अभी सब बदल रहा है. अब जनता ये सरकार बदलेगी.
