YEIDA की आय में 114% की बढ़ोतरी, 50 करोड़ से होगी हाईराइज भवनों की अग्नि सुरक्षा मजबूत

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) की 91वीं बोर्ड बैठक में वित्तीय स्थिति, औद्योगिक विकास, अग्नि सुरक्षा और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े कई अहम फैसलों पर मुहर लगी। बैठक में प्रस्तुत वित्तीय आंकड़ों के अनुसार प्राधिकरण की आय में पिछले वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

दरअसल, बोर्ड बैठक में बताया गया कि 30 जून 2026 तक प्राधिकरण की कुल प्राप्तियां 1,371.75 करोड़ रुपये रहीं, जो पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि की तुलना में लगभग 114 प्रतिशत अधिक हैं। वहीं कुल व्यय 2,101.96 करोड़ रुपये रहा। औद्योगिक एवं मिश्रित भूमि योजनाओं से भी प्राधिकरण को उल्लेखनीय राजस्व प्राप्त हुआ है।

बैठक में हाईराइज भवनों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 50 करोड़ रुपये की अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन परियोजना को मंजूरी दी गई। इस राशि से आधुनिक अग्नि सुरक्षा संसाधन विकसित किए जाएंगे, जिससे तेजी से विकसित हो रहे शहरी क्षेत्र में आपातकालीन सेवाएं और अधिक मजबूत होंगी।

एमएसएमई पार्क, हैंडीक्राफ्ट पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क और अपैरल पार्क की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि एक माह के दौरान 63 उद्यमियों की लीज डीड, 118 लोगों को कब्जा, 62 मामलों में नक्शा स्वीकृति, 84 मामलों में निर्माण कार्य शुरू तथा 15 औद्योगिक इकाइयों का क्रियाशीलकरण किया गया। साथ ही 12 इकाइयों का फैक्ट्री अधिनियम के तहत पंजीकरण भी कराया गया।

बैठक में क्षेत्र में इलेक्ट्रिक और हाइड्रोजन बसों के संचालन की प्रगति की समीक्षा करते हुए सार्वजनिक परिवहन को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा भनोरी वेस्टलैंड क्षेत्र के पास सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट परियोजना के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिली।

पढ़ें  मेडिकल डिवाइसेज पार्क बना आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम — भारत सरकार के फार्मास्युटिकल्स सचिव अमित अग्रवाल ने किया प्रोजेक्ट का निरीक्षण

बोर्ड का मानना है कि वित्तीय मजबूती, बेहतर औद्योगिक आधारभूत ढांचा, सुरक्षित शहरी विकास और आधुनिक सार्वजनिक सुविधाओं पर जोर देने से यमुना प्राधिकरण क्षेत्र देश के प्रमुख निवेश और औद्योगिक केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment