ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण पर प्राधिकरण का बड़ा एक्शन, 21 जोन में बंटी जिम्मेदारी; 224 एंटी स्मॉग गन और 107 टैंकर मैदान में

Sanchar Now
4 Min Read

संचार नाउ। बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण पाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। शहर में धूल और धुएं से होने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पूरे ग्रेटर नोएडा को 21 जोन में बांटकर अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमें तैनात की गई हैं। निर्माण स्थलों पर एंटी स्मॉग गन चलाने से लेकर सड़कों की सफाई, पानी का छिड़काव और कूड़ा जलाने वालों पर निगरानी तक की व्यवस्था की गई है।

दरअसल, प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने संबंधित विभागों को ग्रैप के नियमों का सख्ती से पालन कराने और प्रदूषण नियंत्रण के लिए सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद परियोजना, स्वास्थ्य और उद्यान विभाग सहित संबंधित विभागों की टीमें लगातार सक्रिय हैं।

21 जोन में बांटी जिम्मेदारी, वरिष्ठ अधिकारी करेंगे निगरानी

प्रदूषण नियंत्रण अभियान को प्रभावी बनाने के लिए ग्रेटर नोएडा को 21 जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में वरिष्ठ प्रबंधक स्तर के अधिकारी को जोनल अधिकारी और प्रबंधक स्तर के अधिकारी को सहायक जोनल अधिकारी बनाया गया है। सभी वर्क सर्किल की टीमों को अपने-अपने क्षेत्रों में धूल, गंदगी और कूड़े की समस्या पर नजर रखने की जिम्मेदारी दी गई है। टीमें कूड़ा उठवाने के साथ पानी का छिड़काव कराएंगी और खुले में कूड़ा जलाने वालों पर भी निगरानी रखेंगी।

224 एंटी स्मॉग गन और 107 टैंकरों से छिड़काव

ग्रेनो प्राधिकरण के उप महाप्रबंधक विजय रावल के मुताबिक, शहर की अलग-अलग निर्माण साइटों पर 216 एंटी स्मॉग गन लगाई गई हैं, जबकि आठ एंटी स्मॉग गन सार्वजनिक स्थानों पर इस्तेमाल की जा रही हैं। इस तरह कुल 224 एंटी स्मॉग गन धूल को नियंत्रित करने में लगाई गई हैं। इसके अलावा 107 वाटर टैंकरों के माध्यम से सड़कों और अन्य स्थानों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है। पेड़ों पर जमी धूल को साफ करने के लिए भी टैंकर लगाए गए हैं। इस कार्य में एसटीपी से शोधित पानी का उपयोग किया जा रहा है।

पढ़ें  ग्रेटर नोएडा कलाधाम में नलकूप के गड्ढे में भरे पानी में डूबने से बच्चे की मौत का मामला, एफआईआर भी दर्ज

11 मशीनों से सड़कों की सफाई, लापरवाही पर कार्रवाई

शहर की सड़कों को धूल मुक्त रखने के लिए 11 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनें लगाई गई हैं। प्राधिकरण की टीमें कूड़ा उठाने में लापरवाही करने वाले वेंडरों और कूड़े में आग लगाने वालों पर भी नजर रख रही हैं। महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह और उप महाप्रबंधक विजय रावल लगातार शहर का निरीक्षण कर रहे हैं।

कूड़ा जलता दिखे तो यहां करें शिकायत

प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने शहरवासियों से अपील की है कि कहीं भी कूड़ा जलता दिखाई दे तो तत्काल प्राधिकरण के कॉल सेंटर नंबर 0120-2336046/47/48/49 पर सूचना दें। इसके अलावा मित्रा ऐप के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने और प्रदूषण नियंत्रण अभियान में सहयोग करने की अपील की है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment