तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार बने DSP, CM सम्राट चौधरी ने सौंपा नियुक्ति पत्र

Sanchar Now
3 Min Read

पटना। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार अब बिहार पुलिस में पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) बन गए हैं।

शुक्रवार को राजधानी पटना स्थित ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत दोनों खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपा।

समारोह में राज्य सरकार ने कुल 19 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को विभिन्न पदों पर नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इसके साथ ही 637 खिलाड़ियों को खेल छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत चयन पत्र भी दिए गए।

19 खिलाड़ियों को मिली सरकारी नौकरी

‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत भारतीय क्रिकेटर आकाश दीप और मुकेश कुमार को पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के पद पर नियुक्त किया गया।

वहीं एथलीट पीयूष राज को पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) के पद पर नियुक्ति मिली। इसके अलावा पांच पैरा खिलाड़ियों सहित अन्य उत्कृष्ट खिलाड़ियों को भी उनकी उपलब्धियों के आधार पर नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं का हुआ सम्मान

कार्यक्रम के दौरान खेल सम्मान योजना के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया।

एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण और रजत पदक जीतने वाले तथा एथलेटिक्स में अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक जीतने वाले बिहार के पहले खिलाड़ी सेतु मिश्रा को 37.50 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई।

इसी प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले विभास्कर कुमार को दो लाख रुपये की सम्मान राशि दी गई। वहीं कॉमनवेल्थ यूथ शतरंज चैंपियनशिप की ब्लिट्ज स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाली मरियम फातिमा को नौ लाख रुपये से सम्मानित किया गया।

पढ़ें  बारिश से धुला पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला, आपस में बंटे 1-1 अंक

637 खिलाड़ियों को मिलेगा छात्रवृत्ति का लाभ

राज्य सरकार ने वर्तमान वित्तीय वर्ष में कुल 637 खिलाड़ियों को खेल छात्रवृत्ति चयन पत्र देने की घोषणा की। इनमें उत्कर्ष योजना के 21, सक्षम योजना के 184 और प्रेरणा योजना के 432 खिलाड़ी शामिल हैं।

सरकार ने बताया कि प्रेरणा योजना के तहत चयनित 432 खिलाड़ियों में से 269 खिलाड़ियों का चयन राज्यव्यापी ‘मशाल प्रतिभा खोज कार्यक्रम’ के माध्यम से किया गया है।

इन योजनाओं का उद्देश्य राज्य की खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, आर्थिक सहयोग और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को सम्मानजनक भविष्य देने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए खिलाड़ियों को नौकरी, छात्रवृत्ति और सम्मान राशि जैसी सुविधाएं लगातार उपलब्ध कराई जा रही हैं।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment