आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा के फतेहाबाद विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी विधायक छोटेलाल वर्मा का निधन हो गया। नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल में देर शाम उन्होंने अंतिम सांस ली। छोटेलाल वर्मा पिछले दो दिनों से बीमार चल रहे थे। उन्हें तेज बुखार की शिकायत थी। हालत बिगड़ने के बाद उन्हें गुरुवार दोपहर नोएडा लाया गया था। हॉस्पिटल में इलाज के बाद भी उन्हें नहीं बचाया जा सका। छोटेलाल वर्मा के निधन पर भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है। क्षेत्र में भी लोग उनके निधन पर दुखी हैँ।
सांसद ने दी जानकारी
विधायक छोटेलाल वर्मा के निधन पर आगरा सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि वे पिछले दो दिनों से बुखार से पीड़ित थे। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें राजपुर चुंगी स्थित एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। स्थिति में सुधार नहीं आने और हालत बिगड़ने के बाद परिजन उन्हें दिल्ली ले जा हे थे। रास्ते में उनकी तबीयत अधिक बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
सांसद राजकुमार चाहर ने विधायक के निधन पर शोक प्रकट किया है। अपने शोक संदेश में उन्होंने कहा कि विधायक छोटेलाल वर्मा के निधन का अत्यंत दुखद समाचार मिला। लोकप्रिय विधायक का निधन अत्यंत पीड़ादायक है। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें। शोकाकुल परिजनों एवं उनके असंख्य समर्थकों को यह अपार दुख सहन करने की शक्ति दें।
सीएम योगी ने जताया शोक
फतेहाबाद के लोकप्रिय विधायक छोटेलाल वर्मा के निधन पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने शोक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किए गए संदेश में कहा कि जनपद आगरा के फतेहाबाद विधान सभा क्षेत्र के माननीय विधायक छोटेलाल वर्मा जी का निधन अत्यंत दुखद है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
आगरा में चल रहा था इलाज
छोटेलाल वर्मा को तेज बुखार के बाद आगरा के उपाध्याय हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के अनुसार, विधायक को तेज बुखार था। स्थिति को नियंत्रित करने में सफलता नहीं मिलने के बाद उन्हें गुरुवार को दिल्ली के गंगाराम अस्पताल रेफर किया गया। परिजन विधायक को एंबुलेंस से दिल्ली ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी हालत काफी खराब हो गई।
विधायक की स्थिति बिगड़ती देखकर परिजनों ने उन्हें नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन, उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। विधायक के बेटे महेंद्र वर्मा के अनुसार, नोएडा के अस्पताल में विधायक को सीपीआर दिया गया। इसके बाद भी डॉक्टरों को कामयाबी नहीं मिली।
भाजपा से शुरू की थी राजनीति
छोटेलाल वर्मा का जन्म आगरा के नगला देवहंस गांव में 7 जुलाई 1953 को हुआ था। जनता इंटरमीडिएट कॉलेज से छठी कक्षा तक पढ़ाई की। इसके बाद स्कूल छोड़ दिया। बाद में वे राजनीतिक गतिविधियों में भाग लेने लगे। उनकी चुनावी राजनीति की शुरुआत वर्ष 1993 के विधानसभा चुनाव से हुई। भाजपा ने उन्हें फतेहाबाद विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया और वे जीत दर्ज करने में कामयाब रहे। बाद में उन्होंने भाजपा छोड़कर बसपा का दामन थाम लिया।
बसपा के टिकट पर वे 2002 और 2012 में फतेहाबाद सीट से जीत दर्ज करने में कामयाबी हासिल की। यूपी चुनाव 2017 से पहले वर्ष 2016 में उन्होंने बसपा छोड़कर भाजपा में वापसी की। 2022 के विधानसभा चुनाव में छोटेलाल वर्मा चौथी बार फतेहाबाद सीट से जीत दर्ज करने में कामयाब रहे। उन्होंने 53 हजार वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी।
