संचार नाउ। कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की GD कांस्टेबल ऑनलाइन परीक्षा में प्रॉक्सी सर्वर और तकनीकी उपकरणों के जरिए कथित तौर पर नकल कराने वाले गिरोह के खिलाफ एसटीएफ उत्तर प्रदेश ने बड़ी कार्रवाई की है। एसटीएफ नोएडा फील्ड यूनिट और थाना नॉलेज पार्क पुलिस की कार्रवाई में गिरोह के कथित हैंडलर अरुण कुमार उर्फ Devil को 22 सितंबर 2026 को दिल्ली के शाहबाद डेयरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से ऑनलाइन परीक्षाओं में तकनीकी माध्यमों से धांधली कराने में सक्रिय था।
पहले भी पकड़े जा चुके हैं कई आरोपी
एसटीएफ नोएडा के अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार मिश्रा ने बताया कि मई 2026 में ग्रेटर नोएडा के बालाजी डिजिटल जोन में आयोजित SSC GD कांस्टेबल परीक्षा में प्रॉक्सी सर्वर लगाकर और सर्वर हैक कर अभ्यर्थियों को नकल कराने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मामले की जांच के दौरान गिरोह के नेटवर्क और तकनीकी तौर-तरीकों की जानकारी सामने आई। पुलिस का दावा है कि इस प्रकरण में अब तक कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
बड़ी संख्या में तकनीकी उपकरण बरामद
गिरफ्तार अरुण कुमार उर्फ Devil के कब्जे से 12 TFT स्क्रीन, दो लैपटॉप, एक हैंडहेल्ड मेटल डिटेक्टर, आठ VGA स्विच, 11 Raspberry Pi डिवाइस, 14 वीडियो कैप्चर डिवाइस, USB एडाप्टर, VGA/HDTV एडाप्टर, USB ब्लूटूथ डोंगल, Excitel ब्रॉडबैंड डिवाइस और दो आयरन सोल्डर मशीन समेत अन्य सामान बरामद होने की जानकारी दी गई है।
‘Devil’ नाम से करता था हैकिंग
पूछताछ में एसटीएफ के मुताबिक आरोपी ने बताया कि वह कंप्यूटर फंडामेंटल का प्रशिक्षण लेने के बाद ऑनलाइन परीक्षाओं में स्क्रीन उठाने और सर्वर हैकिंग की तकनीक सीख गया था। पुलिस के अनुसार वह उत्तर प्रदेश, हरियाणा, बिहार, झारखंड और नॉर्थ ईस्ट के विभिन्न राज्यों में परीक्षा धांधली से जुड़े लोगों के संपर्क में था। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना नॉलेज पार्क में संबंधित धाराओं, IT Act तथा Public Examination (Prevention of Unfair Means) Act, 2024 के तहत कार्रवाई की जा रही है। मामले की विवेचना जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
