ग्रेटर नोएडा में कूड़े के ढेर से मिलेगी राहत! लखनावली में 800 टन क्षमता का वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट शुरू

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। शहर में रोजाना निकलने वाले कूड़े के निस्तारण की दिशा में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बड़ा कदम उठाया है। लखनावली में फ्रेश वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट मंगलवार से शुरू हो गया। दादरी विधायक तेजपाल नागर ने प्राधिकरण के अधिकारियों की मौजूदगी में प्लांट का शुभारंभ किया। इस मौके पर एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस, एसीईओ सुमित यादव, ओएसडी गिरीश कुमार झा, वरिष्ठ प्रबंधक सन्नी यादव, प्रबंधक दिव्या चौधरी सहित प्राधिकरण के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

दरअसल, ग्रेटर नोएडा के सेक्टरों और गांवों से प्रतिदिन करीब 800 टन कूड़ा निकलता है। अभी तक यह कूड़ा लखनावली में एकत्रित किया जाता था। रोजाना निकलने वाले कूड़े का समय पर प्रोसेसिंग नहीं होने पर यहां कूड़े का ढेर बढ़ने की समस्या सामने आती थी। अब नए प्लांट के शुरू होने से प्रतिदिन निकलने वाले कूड़े को प्रोसेस करने की व्यवस्था हो गई है।

गीले कचरे से बनेगी खाद, सूखे कचरे से आरडीएफ

प्लांट में गीले और सूखे दोनों तरह के कचरे को प्रोसेस किया जाएगा। गीले कचरे से खाद तैयार की जाएगी, जबकि सूखे कचरे से आरडीएफ (Refuse Derived Fuel) तैयार किया जाएगा। आरडीएफ को सीमेंट कारखानों को उपलब्ध कराया जाएगा, जहां इसका इस्तेमाल ईंधन के रूप में सीमेंट निर्माण में किया जा सकेगा। ग्रेनो प्राधिकरण के अनुसार, इस व्यवस्था से कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण को बढ़ावा मिलेगा और लखनावली में नियमित रूप से पहुंचने वाले कूड़े के निस्तारण की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।

पढ़ें  यमुना प्राधिकरण किसानों के बच्चो व स्थानीय युवाओं को देगा रोजगार, जॉब के लिए पोर्टल पर ऐसे करे आवेदन

लिगेसी वेस्ट का भी चल रहा है निस्तारण

लखनावली में पहले से जमा लिगेसी वेस्ट को प्रोसेस करने का काम भी जारी है। अब पुराने कचरे के साथ-साथ प्रतिदिन निकलने वाले फ्रेश वेस्ट के लिए भी प्रोसेसिंग प्लांट शुरू हो गया है। प्लांट के शुभारंभ के दौरान दादरी विधायक तेजपाल नागर ने ग्रेटर नोएडा को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने के लिए प्राधिकरण के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में जनभागीदारी भी बेहद महत्वपूर्ण है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment