संचार नाउ। सेवा संकल्प अभियान के तहत फीडबैक फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट (FFCT) की ओर से छोटी मिलक स्थित प्राथमिक विद्यालय के छात्रों के साथ स्वच्छता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य छात्रों और स्थानीय समुदाय के बीच स्वच्छता, जिम्मेदार कचरा प्रबंधन तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। स्वच्छता रैली में प्राथमिक विद्यालय के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्रों ने जागरूकता संदेशों के माध्यम से लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने, कचरे का उचित निस्तारण करने, घर से ही कचरे को अलग-अलग करने तथा खुले में कचरा नहीं फेंकने के लिए प्रेरित किया।
दरअसल, रैली के दौरान छात्रों ने अपने हाथों में स्वच्छता से जुड़े संदेशों के साथ गांव के लोगों को दैनिक जीवन में स्वच्छता को अपनाने का संदेश दिया। छात्रों ने लोगों को समझाया कि साफ-सफाई केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समुदाय की सामूहिक जिम्मेदारी है।
फीडबैक फाउंडेशन की टीम ने छात्रों से संवाद करते हुए स्वच्छता और जिम्मेदार कचरा प्रबंधन के महत्व की जानकारी दी। टीम ने कहा कि बच्चे अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता का संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
छात्रों को ‘स्वच्छता दूत’ के रूप में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। उन्हें अपने परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों को कचरे के उचित निस्तारण, स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
आयोजकों के अनुसार, अभियान का उद्देश्य बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ना भी है। रैली के समापन पर स्वच्छता, सामुदायिक सहभागिता और जिम्मेदार नागरिकता का सामूहिक संदेश दिया गया। इस पहल के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान की भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया गया।
