संचार नाउ। इंडस्ट्री इंटीग्रेशन एंड नॉलेज एक्सचेंज सेल द्वारा IIA–शारदा उद्यमी एक्सपो 2026 का आयोजन किया गया। यह राज्य स्तरीय MSME कार्यक्रम Indian Industries Association (IIA), ग्रेटर नोएडा के सहयोग से संपन्न हुआ। इस एक्सपो ने उद्योग, शिक्षा और नवाचार को एक साझा मंच प्रदान करते हुए इंडस्ट्री–एकेडेमिया सहयोग को नई मजबूती दी।
दरअसल, एक्सपो में 80 से अधिक स्टॉल लगाए गए, जिनमें इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिक वाहन, सोलर एनर्जी, केमिकल्स, डिजाइन, गारमेंट्स, टेक्सटाइल और उभरते स्टार्टअप्स ने भाग लिया। विभिन्न क्षेत्रों की भागीदारी ने MSME सेक्टर की विविधता, क्षमता और भारत के औद्योगिक भविष्य में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका को स्पष्ट रूप से दर्शाया।
यह आयोजन ज्ञान साझा करने, नेटवर्किंग और नवाचार के प्रदर्शन के लिए एक प्रभावी मंच साबित हुआ। MSME उद्यमियों और स्टार्टअप्स ने अपने अनुभव साझा किए, जबकि छात्रों को उद्योग की वास्तविक कार्यप्रणाली से रूबरू होने का अवसर मिला। यह प्लेटफॉर्म शिक्षा और उद्योग के बीच की दूरी को कम करने की दिशा में एक ठोस पहल के रूप में उभरा।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को अप्रेंटिसशिप, इंटर्नशिप, इंडस्ट्री विजिट्स, लाइव प्रोजेक्ट्स और स्टार्टअप नेटवर्किंग के अवसर उपलब्ध कराना रहा। पैनल चर्चा, लाइव डेमो और मेंटरशिप सत्रों के माध्यम से छात्रों को मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस सेक्टर की गहरी समझ प्राप्त हुई, जिससे उनमें उद्योग-उन्मुख सोच और कौशल विकास को बढ़ावा मिला।
प्रो चांसलर वाई. के. गुप्ता ने कहा कि यह एक्सपो विचारों और अनुभवों के आदान-प्रदान का मंच है, जिसका उद्देश्य छात्रों को उद्योग की वास्तविक चुनौतियों से परिचित कराना है। महामंडलेश्वर जलेश्वरानंद गिरि जी ने शिक्षा और उद्योग के सहयोग को भविष्य के लिए आवश्यक बताया।
इस अवसर पर प्रो वाइस चांसलर डॉ. परमानंद, यशोधरा राज, विक्रांत चौधरी सहित फैकल्टी, स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे। यह एक्सपो MSME, स्टार्टअप और युवा प्रतिभाओं के लिए भविष्य निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
