यूपी विधानसभा अध्यक्ष के 4 साल के कार्यकाल की स्मारिका के लिए PM मोदी ने दी बधाई, ऑस्ट्रेलिया से भेजा संदेश

Sanchar Now
2 Min Read

लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने और संसदीय परंपराओं को समृद्ध बनाने की दिशा में उत्तर प्रदेश विधान सभा के प्रयास सराहनीय : प्रधानमंत्री लखनऊ, विशेष संवाददाता

प्रधानमंत्री का संदेश

उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना के अध्यक्षीय कार्यकाल के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रकाशित होने वाली स्मारिका के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान मेलबर्न से अपना संदेश प्रेषित किया। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में सतीश महाना को चार वर्ष का कार्यकाल पूर्ण करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उत्तर प्रदेश विधान सभा द्वारा लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने, संसदीय परंपराओं को समृद्ध बनाने तथा जनहित से जुड़े विषयों पर सार्थक विमर्श को प्रोत्साहित करने की दिशा में किए गए कार्यों की सराहना की है। सतीश महाना ने इसी वर्ष 29 मार्च को अपने अध्यक्षीय कार्यकाल के चार वर्ष पूरे किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में कहा कि सतीश महाना के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विधान सभा ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। इस अवधि के प्रमुख प्रयासों, नवाचारों और उपलब्धियों के संकलन का प्रकाशन सराहनीय है।

उत्तर प्रदेश विधानसभा का महत्व

प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत की सांस्कृतिक चेतना, लोकतांत्रिक परंपराओं और विकास यात्रा का प्रमुख केंद्र है। प्रदेश की विधान सभा लोकतांत्रिक व्यवस्था की सुदृढ़ आधारशिला होने के साथ जन-आकांक्षाओं को नीति-निर्माण से जोड़ने तथा सुशासन को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम भी है। जनप्रतिनिधियों का उत्तरदायी आचरण, रचनात्मक संवाद और लोकहित के प्रति समर्पण लोकतांत्रिक परंपराओं को निरंतर सुदृढ़ करता है। प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश की निरंतर प्रगति और जनकल्याण के लिए मंगलकामनाएं प्रेषित की हैं।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment