ग्रेटर नोएडा के 64 गांवों की बदलेगी तस्वीर, आबादी वाले रास्तों पर जगमगाएंगी LED लाइटें; 130 मीटर रोड का बसवे भी होगा रोशन

Sanchar Now
3 Min Read

संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा के गांवों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और रात के समय आवागमन को सुरक्षित बनाने की दिशा में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बड़ा कदम उठाया है। प्राधिकरण क्षेत्र के 64 गांवों के विकसित आबादी क्षेत्रों में अब एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इसके साथ ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों में शामिल 130 मीटर चौड़ी सड़क पर तिलपता रोटरी से सिरसा रोटरी तक प्रस्तावित बसवे को भी रोशनी से जगमग किया जाएगा। इन दोनों परियोजनाओं पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। किसानों और जनप्रतिनिधियों की मांग पर प्राधिकरण के सीईओ ने इन योजनाओं को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है।

दरअसल, इस योजना में घंघोला, दलेलगढ़, बागपुर, लडपुरा, रामपुर माजरा, गिरधरपुर, कनारसी, तालड़ा, झालड़ा, सिरसा, कासना, घरबरा, मुर्शिदपुर, खानपुर, इमलियाका, लुक्सर, पीपलका, नियाना, सलेमपुर गुर्जर, हतेवा, नवादा, दादूपुर, रिठौरी, डाबरा, डाढ़ा, अजायबपुर, मायचा, ऐच्छर, बिरौंडी, तिलवाड़ा, देवटा, अस्तौली, चीरसी, खेरली हाफीजपुर समेत अन्य गांव शामिल हैं। इससे उन किसानों को विशेष राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें प्राधिकरण की ओर से आबादी भूखंड आवंटित किए गए हैं। बेहतर प्रकाश व्यवस्था होने से किसान अपने भूखंडों पर मकान बनाकर रहने के लिए अधिक सुरक्षित वातावरण पा सकेंगे।

64 गांवों के आबादी क्षेत्रों में दूर होगा अंधेरा

प्राधिकरण के विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग ने 64 गांवों में स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए 5.18 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया है। इसके तहत गांवों के विकसित 6 प्रतिशत और 10 प्रतिशत आबादी क्षेत्रों की सड़कों, नई बनी गलियों और उन स्थानों को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां अभी पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं है। इन स्थानों पर 30 से 40 वाट क्षमता वाली आधुनिक एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी।

पढ़ें  यथार्थ हॉस्पिटल ने आयोजित की प्रेस वार्ता, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने बताए बीमारियों के लक्षण और बचाव के उपाय

130 मीटर रोड के बसवे पर भी लगेंगी आधुनिक लाइटें

दूसरी महत्वपूर्ण परियोजना के तहत 130 मीटर चौड़ी सड़क पर तिलपता रोटरी से सिरसा रोटरी तक बसवे के किनारे स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इस कार्य पर करीब 4.70 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। यहां 8, 9, 10 और 12 मीटर ऊंचाई वाले पोल पर आधुनिक एलईडी लाइटें स्थापित की जाएंगी।

यह मार्ग औद्योगिक, आवासीय और संस्थागत क्षेत्रों को जोड़ने के साथ नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर जाने वाले यातायात के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण है। बसवे पर रोशनी की व्यवस्था होने से रात में सफर करने वाले यात्रियों और औद्योगिक क्षेत्रों में आने-जाने वाले कर्मचारियों को राहत मिलेगी।

जल्द जारी होंगे टेंडर

प्राधिकरण इन दोनों परियोजनाओं के लिए जल्द टेंडर जारी करने की तैयारी कर रहा है। एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि योजनाओं का मुख्य उद्देश्य गांवों और प्रमुख मार्गों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करना है। इससे रात्रि में आवागमन सुरक्षित होगा और औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा भी मजबूत होगी।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment