संचार नाउ। उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वर्ष 2026 की पहली छमाही की अर्धवार्षिक रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट के अनुसार राज्य में रियल एस्टेट क्षेत्र लगातार मजबूत हो रहा है। जनवरी से जून 2026 के बीच 143 नई रियल एस्टेट परियोजनाएं पंजीकृत हुईं, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 134 थी।
दरअसल, रिपोर्ट के अनुसार इन परियोजनाओं में 46,049 नई आवासीय इकाइयों के निर्माण का प्रस्ताव है, जिनमें करीब ₹31,952 करोड़ का निवेश होगा। परियोजनाओं की संख्या में लखनऊ (37) पहले स्थान पर रहा, जबकि गौतमबुद्ध नगर (27) और गाजियाबाद (19) दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। हालांकि निवेश के मामले में गौतमबुद्ध नगर सबसे आगे रहा, जहां ₹15,678 करोड़ के निवेश के साथ 13,160 आवासीय इकाइयों का प्रस्ताव है।

यूपी रेरा के अध्यक्ष संजय भुसरेड़ी ने बताया कि घर खरीदारों को बड़ी राहत देते हुए अपनी वसूली और प्रवर्तन व्यवस्था के माध्यम से 8,212 मामलों में ₹2,173.78 करोड़ की राशि वापस दिलाई। इसके अलावा विभिन्न मंचों पर 11,558 मामलों में ₹6,032.42 करोड़ मूल्य के संपत्ति विवादों का समाधान किया गया।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 से रियल एस्टेट क्षेत्र में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। इससे स्पष्ट है कि उत्तर प्रदेश निवेश, आधारभूत संरचना और नियामकीय पारदर्शिता के दम पर देश के प्रमुख रियल एस्टेट केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
