संचार नाउ। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) की बहुप्रतीक्षित आवासीय भूखंड योजना RPS-10/2026 का ड्रा (लॉटरी) 18 जून 2026 को सुबह 10 बजे इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित किया जाएगा। इस ड्रा के माध्यम से कुल 973 आवासीय भूखंडों का आवंटन किया जाएगा, जिसके लिए 1,10,034 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
दरअसल, प्राधिकरण द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, ड्रा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखने के लिए मैनुअल पर्ची प्रणाली अपनाई जाएगी। सभी प्राप्त आवेदनों की सूची तथा पात्र (Eligible) और अपात्र (Ineligible) आवेदकों का विवरण 15 जून को प्राधिकरण की वेबसाइट पर प्रकाशित किया जा चुका है।
ड्रा प्रक्रिया आवंटन समिति और तीन स्वतंत्र पर्यवेक्षकों की निगरानी में संपन्न होगी। इनमें एक सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय के न्यायाधीश भी शामिल रहेंगे, जिससे प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता सुनिश्चित की जा सके।
प्राधिकरण ने बताया कि पूरी ड्रा प्रक्रिया की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई जाएगी। इसके साथ ही ड्रा का लाइव प्रसारण YEIDA के आधिकारिक Facebook, YouTube चैनल, दूरदर्शन उत्तर प्रदेश तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा, ताकि आवेदक घर बैठे पूरी प्रक्रिया देख सकें।
योजना के तहत सबसे अधिक आवेदन 200 वर्गमीटर और 162 वर्गमीटर श्रेणी के भूखंडों के लिए प्राप्त हुए हैं। कुल 973 भूखंडों के मुकाबले 1.10 लाख से अधिक आवेदन आने से प्रतिस्पर्धा काफी बढ़ गई है।
अब 18 जून को होने वाले ड्रा पर लाखों लोगों की निगाहें टिकी हैं। ड्रा के बाद सफल आवेदकों को यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में आवासीय भूखंड प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, जो नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और तेजी से विकसित हो रहे यमुना सिटी क्षेत्र के कारण निवेशकों और आम लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
